जांजगीर। पामगढ़ थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 11 इंदिरा नगर में 30 जुलाई को एक संदिग्ध सफेद रंग की कार बिना नंबर प्लेट के खड़ी मिली। सूचना पर थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने साइबर सेल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, एएसपी उमेश कश्यप और डीएसपी जितेंद्र खुटे के मार्गदर्शन में संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।

जांच में पता चला कि कार का वास्तविक नंबर एमपी 04 वायडब्ल्यू 8739 है, जिसे भोपाल से इंदौर के लिए बुक किया गया था। 27 जुलाई की रात तीन अज्ञात युवकों ने कार किराए पर ली थी। रास्ते में देवास जिले के सोनकच्छ थाना क्षेत्र में आरोपियों ने चालक पर चाकू से हमला कर 1000 रुपए और मोबाइल लूट लिया और कार लेकर फरार हो गए। घटना की एफआईआर बीएनएस की धारा 309(6) और 351(3) के तहत सोनकच्छ थाने में दर्ज की गई है। पामगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार को जब्त कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मध्यप्रदेश पुलिस से संपर्क किया और विधिवत प्रक्रिया के तहत कार को सोनकच्छ पुलिस को सौंप दिया। तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।