DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पुलिस से बचकर भाग रहे तस्करों की कार पलटी:30KM तक पीछा कर पति-पत्नी समेत 4 तस्करों को किया गिरफ्तार, 2 लाख का गांजा बरामद

बिलासपुर,एजेंसी। बिलासपुर में पुलिस से बचने भाग रहे तस्करों की कार अनियंत्रित होकर सड़क से उतरकर पलट गई। हादसे के बाद पुलिस से बचने तस्कर कार से निकलकर भागने लगे। जिन्हें दौड़ाकर दबोच लिया गया। पुलिस ने मामले में पति-पत्नी समेत 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 2 लाख रुपए कीमती 16 किलो गांजा बरामद किया गया है।

दरअसल, गांजा तस्कर कोरबा तरफ से गांजा लेकर तखतपुर की ओर जा रहे थे। रतनपुर टीआई रजनीश सिंह और उनकी टीम ने तस्करों को पकड़ने घेराबंदी की। लेकिन, तस्करों को इसकी भनक लग गई। उन्होंने रास्ता बदल लिया। लिहाजा, पुलिस की टीम ने 30 किलोमीटर तक उनका पीछा किया। लेकिन, कार सवार तस्कर तेजी से भागने लगे।

पुलिस से बचने भागने के चक्कर में पलटी कार

तस्करों के भागने की खबर सकरी पुलिस को दी गई। जिसके बाद सकरी पुलिस ने भी वाहनों की जांच शुरू की। इस दौरान तस्कर हाईवे के बजाए अंदर के रास्ते से भागने लगे। पुलिस की टीम ने काठाकोनी घोंघा नाला के पास घेराबंदी की। यहां भी पुलिस की घेराबंदी देखकर कार सवार वाहन मोड़कर भागने लगे।

इसी दौरान उनकी कार सड़क से उतरकर नाले में पलट गई। कार पलटने के बाद तस्कर वाहन छोड़कर भागने लगे। जिस पर जवानों ने उनका पीछा कर उन्हें दौड़ाकर दबोच लिया। इस दौरान दो तस्कर पकड़े गए।

चर्चित तस्कर ने पत्नी के जरिए मंगाया था गांजा, चार गिरफ्तार

टीम ने सक्ती जिले के जैजैपुर के आमगांव निवासी विष्णु चंद्रा उर्फ बबलू (42) और जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ क्षेत्र के पेंड्री निवासी सोहन साहू उर्फ गोलू (22) को पकड़ने के बाद पूछताछ की। उन्होंने बताया कि, तखतपुर में रहने वाली महिला कांति उर्फ काजल (36) और उसके पति प्रदीप पांडेय (46) ने गांजा मंगाया है।

पूछताछ के बाद पुलिस ने महिला और उसके पति को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की कार और 16 किलो गांजा बरामद कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

संपत्ति की होगी जांच, अवैध मिली तो करेंगे जब्त

एसपी रजनेश सिंह ने नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के पकड़े जाने पर उनके संपत्ति की जांच के निर्देश दिए हैं। सकरी थाना प्रभारी दामोदर मिश्रा ने बताया कि, पकड़े गए आरोपित की संपत्ति की जांच कराई जाएगी। अवैध गतिविधियों से कमाई गई संपत्ति को विधिवत कुर्क कराया जाएगा।

इसके लिए पत्राचार किया जा रहा है। तस्करों को पकड़ने में सकरी थाना प्रभारी दामोदर मिश्रा, एएसआइ हेमंत आदित्य, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, सरफराज खान, तरुण केशरवानी, महिला आरक्षक सुनीता धुर्वे, दुर्गा ओग्रे शामिल रहे।

Exit mobile version