DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

होटल का ताला तोड़कर नकदी पार :जांजगीर-चांपा में 70 हजार की चोरी, CCTV में दिखे 2 चोर, व्यापारियों में चिंता

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के हथनेवरा स्थित महाराणा प्रताप चौक के पास एक होटल में चोरी की घटना सामने आई है। बीती रात अज्ञात चोरों ने लाला होटल का ताला तोड़कर गल्ले से करीब 70 हजार रुपये नकद चुरा लिए।

होटल संचालक लाला सिंह ठाकुर ने बताया कि वे गांव में चल रही भागवत कथा में शामिल होने के कारण रात में होटल बंद कर घर चले गए थे। सुबह लगभग 6 बजे जब वे होटल पहुंचे, तो दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर गल्ले में रखी नकदी गायब पाई गई।

सीसीटीवी कैमरों में 2 चोर नज़र आए

घटना की सूचना मिलते ही संचालक ने चांपा थाना में शिकायत दर्ज कराई। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर दो संदिग्ध युवक चोरी करते हुए दिखाई दिए हैं।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Exit mobile version