DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा-चांपा रोड पर वाहन की चपेट में आए मवेशी:3 मवेशियों की मौके पर मौत, 3 घायल, राहगीर बाल-बाल बचे

कोरबा। कोरबा-चांपा नेशनल हाईवे पर सोमवार को 6 मवेशी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गए। जिससे 3 मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। कई राहगीर और वाहन चालक भी दुर्घटनाग्रस्त होने से बाल-बाल बचे। घटना उरगा थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर स्थित एक ढाबे के पास हुई। सड़क किनारे घास चर रहे मवेशियों का एक झुंड अचानक सड़क पर आ गया। इसी दौरान कोरबा की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन मवेशियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे।

सड़क पर पड़े मवेशियों के शवों को किनारे हटाया गया

हादसे के बाद सड़क पर मवेशियों के शव और खून बिखर जाने से कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पीछे से आ रहे कई बाइक सवार और कार चालक अचानक शव देखकर ब्रेक लगाने को मजबूर हुए। कुछ समझदार युवकों ने आगे कोई और हादसा न हो, इसके लिए सड़क पर पड़े मवेशियों के शवों को किनारे हटाया।

अक्सर होते रहते हैं हादसे

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर मवेशियों की मौत सड़क हादसों में अक्सर होती रहती है। खेती-किसानी का समय होने के कारण किसान अपने मवेशियों को खुला छोड़ देते हैं। ये मवेशी सड़क किनारे घास चरते हुए अचानक मुख्य मार्ग पर आ जाते हैं, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के चालक उन्हें बचा नहीं पाते और दुर्घटना हो जाती है।

स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का आरोप है कि कोरबा-चांपा नेशनल हाईवे पर मवेशियों का जमावड़ा अक्सर लगा रहता है। प्रशासन और पशुपालन विभाग की ओर से इस समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से राहगीर भी लगातार हादसों का शिकार हो रहे हैं।

Exit mobile version