सुकमा, एजेंसी। सुकमा के कभी माओवाद का गढ़ कहे जाने वाले पूवर्ती गांव में इस बार दीपावली का नजारा बदला हुआ था। जिस गांव में कभी माओवादी कमांडर हिड़मा के आतंक का साया रहता था और जहां आजादी के बाद से दीपावली का उत्सव मनाने की परंपरा भी विकसित नहीं हो पाई थी, वहां इस बार गलियां दीपों की रोशनी से जगमगा उठीं।
माओवाद के प्रभाव से बाहर निकल रहे गांव में ग्रामीणों ने पहली बार उत्साह और उमंग के साथ दीपोत्सव मनाया। सुकमा पुलिस ने भी ग्रामीणों के साथ शामिल होकर उन्हें त्योहार की खुशियों से जोड़ा।
पुलिस की पहल पर ‘दिवाली आपके आंगन’ कार्यक्रम
सुकमा पुलिस की सामुदायिक पहल ‘निवा दुवड़ ते’ के तहत ग्राम पूवर्ती में ‘दिवाली आपके आंगन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पुलिस, डीआरजी के जवान, ग्रामीण, महिलाएं, बच्चे और आत्मसमर्पित नक्सली एक साथ उत्सव में शामिल हुए।
कभी भय और दहशत के लिए पहचाने जाने वाले इस गांव में सुरक्षा बलों और ग्रामीणों की साझा भागीदारी बदले हुए माहौल की तस्वीर पेश कर रही थी।
महिलाओं को साड़ी, पुरुषों को लुंगी और बच्चों को मिठाई
गांव की बस्ती के बीच आयोजित कार्यक्रम में पुलिस की ओर से महिलाओं को साड़ियां और पुरुषों को पारंपरिक लुंगी भेंट की गई। बच्चों को मिठाई के पैकेट बांटे गए। उनके मनोरंजन के लिए मिकी माउस झूले की व्यवस्था भी की गई थी।
शाम होते ही गांव के मुख्य चौराहे पर आतिशबाजी की गई। पटाखों की गूंज और दीपों की रोशनी के बीच ग्रामीणों ने उत्साह के साथ दीपावली मनाई।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से किया संवाद
कार्यक्रम में एसडीओपी जगरगुंडा प्रभात पटेल और थाना प्रभारी जगरगुंडा परशुराम पैकरा मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा, शांति और विकास से जुड़ी गतिविधियां लगातार जारी रखने का भरोसा दिलाया।

बंदूक और दहशत की जगह अब दीपों की रोशनी
पूवर्ती में माओवाद के प्रभाव से मुक्ति के बाद आयोजित यह दीपोत्सव महज त्योहार मनाने का कार्यक्रम नहीं था, बल्कि गांव में बदलते माहौल की तस्वीर भी बना। जिस जगह कभी बंदूक और भय का साया था, वहां अब बच्चों की हंसी, आतिशबाजी और दीपों की रोशनी दिखाई दी। सामान्य जीवन की ओर लौट रहे गांव में इस आयोजन ने शांति, विश्वास और विकास की नई उम्मीद का संदेश दिया।
