DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

इंडिया की जीत पर कोरबा में जश्न:सड़कों पर उतरे लोग, जमकर आतिशबाजी की गई, बांटी मिठाइयां

कोरबा। रविवार रात T20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद पूरे कोरबा शहर में जश्न का माहौल देखा गया। मैच के शुरुआती रुझानों से ही लोगों में उत्साह था और वे जश्न मनाने लगे थे।

शहर के अप्पू गार्डन में मैच के लाइव प्रसारण के लिए एक बड़ा प्रोजेक्टर लगाया गया था। मैच शुरू होने से पहले ही यहां भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। दर्शकों के लिए बैठने और खाने-पीने की भी व्यवस्था की गई थी। ढोल की थाप पर लोग झूमते हुए नजर आए।

इसी तरह शहर के मध्य अग्रसेन चौक पर भी व्यापारियों की ओर से प्रोजेक्टर की व्यवस्था की गई थी। यहां भी बड़ी संख्या में आम जनता मैच का आनंद लेने के लिए एकत्रित हुई। रेलवे फाटक ओवरब्रिज के पास भी प्रोजेक्टर पर फाइनल मैच का सीधा प्रसारण किया गया। हर चौके और छक्के पर दर्शक खुशी से झूम उठे।

केक काटकर सेलिब्रेशन

इसके अलावा पुरानी बस्ती, सीतामढ़ी, SECL कॉलोनी, मानिकपुर और दादर बस्ती सहित कई अन्य स्थानों पर भी प्रोजेक्टर लगाए गए थे। दादर बस्ती में तो जीत की घोषणा से पहले ही लोगों ने केक काटकर एक-दूसरे को बधाई देना शुरू कर दिया था।

महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका स्थित पतंजलि चिकित्सालय की एलईडी स्क्रीन पर भी T20 विश्व कप फाइनल का सीधा प्रसारण किया गया। यहां भी दर्शकों की भारी भीड़ ने मैच का आनंद लिया और जीत का जश्न मनाया।

शहर में जमकर आतिशबाजी

भारत की जीत के बाद पूरे शहर में जमकर आतिशबाजी हुई। लोगों ने पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया। T20 मैच के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई थी। चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात था और लगातार गश्त की जा रही थी।

Exit mobile version