DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

जनगणना 2027: जिले में 99.65% सर्वे का काम पूरा

कोरबा। जिले में जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का काम अंतिम चरण में है। 99.65 प्रतिशत मकानों का सूचीकरण पूरा कर लिया गया है। वहीं दूसरी ओर वाहनों के कॉलम में ट्रैक्टर शामिल नहीं है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में प्रगणक असमंजस में हैं कि इसे गणना में शामिल नहीं किया गया है।

पहली बार जनगणना डिजिटल होने की वजह से प्रगणकों को समय नहीं लगा। जिले में 2078 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। निगम में 565, ग्रामीण में 1337, बाकी पांच निकायों में 176 गणना ब्लॉक शामिल हैं, जहां 2012 प्रगणक घर-घर पहुंचकर मकान सूचीकरण के साथ ही नक्शा भी तैयार कर रहे हैं। इसकी मॉनिटरिंग और सहयोग के लिए 337 सुपरवाइजर भी फील्ड पर तैनात हैं। इसमें 33 बिंदुओं की जानकारी ली जा रही है, जिसमें मकान कच्चा-पक्का, वाहन, रेडियो, टीवी, मोबाइल भी शामिल है। सर्वे में यह तथ्य भी सामने आया है कि लोग अब रेडियो का इस्तेमाल ही नहीं करते हैं। सर्वे के दौरान जिनके घर बंद पाए गए, उसे डोर लॉक दर्ज किया गया है। अब वहां प्रगणक 30 मई के पहले दोबारा जाएंगे। अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी एमएस कंवर का कहना है कि शहर के बालको जोन में 2, हरदीबाजार में 3, दीपका में 2, बरपाली में 3, भैंसमा में 3 गणना ब्लॉक में ही कुछ काम बाकी है। इसके कॉलम में ट्रैक्टर पहले से शामिल नहीं है।

एक-दो दिन में सर्वे की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी जनगणना में कोई त्रुटि न हो, इसके लिए लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं। प्रगणक भी समय से पहले काम करते हुए जिम्मेदारी निभा रहे हैं। एक-दो दिन में 100 प्रतिशत पर पहुंच जाएंगे।

– ओंकार यादव, अपर कलेक्टर व जिला जनगणना अधिकारी, कोरबा

Exit mobile version