DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

CG ​बोर्ड 12वीं हिंदी पेपर लीक मामला…शिकायत दर्ज:सचिव बोलीं- जांच रिपोर्ट के बाद लेंगे एक्शन, NSUI ने माशिमं कार्यालय घेरा, कार्रवाई की मांग

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा के पेपर लीक होने की खबर के बाद राजधानी रायपुर में जमकर हंगामा हुआ। सोमवार को NSUI ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। छात्रों की मांग है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो और परीक्षा को तुरंत रद्द किया जाए।

वहीं माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव ने इस मामले में सिविल और साइबर थाने शिकायत दर्ज कराई है। आगे जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया।

​3 दिन का अल्टीमेटम

​NSUI के प्रभारी महामंत्री हेमंत पाल और PTRSU अध्यक्ष पुनेश्वर लहरे के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र माशिमं कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने बोर्ड प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

हेमंत पाल ने दो टूक कहा- “छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। अगर 3 दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो NSUI प्रदेश स्तर पर उग्र आंदोलन करेगी।”

माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव पुष्पा साहू

​बोर्ड सचिव बोलीं- जांच रिपोर्ट का इंतजार

​घंटों चले हंगामे के बाद माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव पुष्पा साहू ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और आश्वासन दिया। सचिव ने बताया कि बोर्ड ने इस मामले में सिविल और साइबर थाने शिकायत की है।

उन्होंने कहा, आगे का हर फैसला जांच रिपोर्ट पर निर्भर करेगा। अगर जांच में साबित होता है कि पेपर परीक्षा शुरू होने से पहले लीक हुआ था, तो इस पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि वे साइबर सेल के साथ मिलकर मामले की पूरी जांच कर रहे हैं और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

छात्रों की 3 प्रमुख मांगें:

– ​हिंदी पेपर लीक मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच हो। ​- दोषी अधिकारियों या कर्मचारियों पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई हो। – ​12वीं हिंदी की परीक्षा को रद्द कर दोबारा पारदर्शी तरीके से आयोजित किया जाए।

पेपर जो एग्जाम के एक दिन पहले व्हाटसएप पर शेयर किया गया।

ये है पूरा मामला

दरअसल, NSUI ने छत्तीसगढ़ बोर्ड 12वीं हिंदी का प्रश्नपत्र लीक होने का दावा किया है। NSUI ने दावा किया 13 मार्च की रात लगभग 2 बजकर 41 मिनट पर जीनियस एकेडमी ऑनलाइन नाम के एक व्हाटसएप चैनल पर किसी महिला ने दो पन्नों पर लिखे हुए 15 सवाल सेंड किए। करीब 2 बजकर 44 मिनट पर इसी महिला ने आगे लिखा – इसे भी देख लेना।

अब दावा किया जा रहा है कि दो पन्नों पर जो सवाल लिखे गए थे, वो अगले दिन मिले हिंदी के पर्चे से एकदम मिलान खा रहे हैं। यहां तक कि सवाल के क्रम भी एक जैसे हैं। ये मामला सबसे पहले अपने सोशल मीडिया पेज पर NSUI के छात्र नेता पुनेश्वर लहरे ने पोस्ट किया।

NSUI ने इस मामले में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की गोपनीयता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Exit mobile version