DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

चैत्र नवरात्रि… अंतिम चरण में मंदिरों में तैयारियां:कोरबा के सर्वमंगला मंदिर में तेल जोत 901, घी 2100 रुपए, विदेश से भी ऑनलाइन बुकिंग

कोरबा। कोरबा में चैत्र नवरात्रि और हिंदू नववर्ष 19 मार्च से शुरू होगा। त्योहार के लिए अब केवल दो दिन बाकी हैं, जिसके चलते जिलेभर के देवी मंदिरों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मां सर्वमंगला मंदिर में तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

मंदिर परिसर में साफ-सफाई, रंगरोगन और जोत कलश सजाने का काम पूरा हो गया है। नवरात्रि के नौ दिनों तक अलग-अलग कमरों में मां आदिशक्ति के नाम से ज्योत जलाए जाएंगे। तेल ज्योत के लिए 901 रुपए और घी ज्योत के लिए 2100 रुपए की रसीदें काटी जा रही हैं।

माँ सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा कोरबा के प्रबंधक एवं राजपुरोहित पंडित नमन पाण्डेय ने बताया कि इस साल लगभग 6 हजार तेल ज्योत और 1500 घी ज्योत प्रज्ज्वलित होने की संभावना है। उन्होंने यह भी बताया कि ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका जैसे देशों से भी श्रद्धालु ऑनलाइन फोन के माध्यम से ज्योत जलवा रहे हैं। विदेश में रहने वाले भक्तों की आस्था को देखते हुए ऑनलाइन ज्योत जलाने की सुविधा भी प्रदान की गई है।

सुरक्षा और निगरानी की पुख्ता तैयारी

नमन पाण्डेय ने बताया कि नवरात्रि में भक्तों को मां सर्वमंगला के सुचारू दर्शन उपलब्ध कराने के लिए सुविधाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। इस दौरान भंडारे, पेयजल और जसगीत का भी आयोजन किया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर नवरात्रि के दौरान मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

मौजूदा सीसीटीवी कैमरों के अतिरिक्त और कैमरे भी लगाए जाएंगे। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए फायर सेफ्टी की भी पुख्ता व्यवस्था की गई है। मंदिर तक पहुंचने के लिए बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ट्रेन, बस और चार पहिया वाहन की सुविधा उपलब्ध है, जिससे वे आसानी से दर्शन कर सकें।

सुबह 4 बजे से अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे

शहर के मां सर्वमंगला मंदिर और मां भवानी मंदिर में प्रतिदिन सुबह 4 बजे से कई अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इन मंदिरों में देवी भागवत और मानस गायन भी होगा। इसके अलावा प्रकृति के मनोरम वातावरण में चैतुरगढ़ पहाड़ी पर स्थित मां महिषासुर मर्दिनी के दरबार में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ेंगे।

हिंदू नव वर्ष के उपलक्ष्य में शहर के दो हिंदू संगठन 19 मार्च को शाम 4 बजे से एक भव्य शोभायात्रा निकालने की तैयारी कर रहे हैं।

Exit mobile version