जांजगीर चांपा। छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की कार्यकारिणी बैठक रायपुर स्थित देवीलाल व्यापार उद्योग भवन में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रदेश महामंत्री अमर सुल्तानिया, उपाध्यक्ष विशाल केडिया, मंत्री दीपक पालीवाल, जांजगीर अध्यक्ष मनोज अग्रवाल, अकलतरा अध्यक्ष विजय केडिया सहित प्रदेश भर के प्रतिनिधि शामिल हुए।
चैंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने 75 दिनों की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चैंबर की पहल पर प्रदेश में सिंगल विंडो प्रणाली लागू हुई। उन्होंने कहा कि भविष्य में तकनीकी जागरूकता के लिए कार्यशालाएं होंगी। व्यापार से जुड़े नियम-कानून अब चैंबर की वेबसाइट पर मिलेंगे। बैठक में बाल श्रम निषेध जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई।
कार्यक्रम में अपर श्रम आयुक्त एसएल जांगड़े मौजूद रहे। उन्होंने बाल श्रम के खिलाफ सख्त कानूनों की जानकारी दी। व्यापारियों से सहयोग की अपील की। प्रदेश महामंत्री अमर सुल्तानिया ने कहा कि व्यापारिक सफलता तभी पूर्ण मानी जाएगी जब वह सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी हो। उन्होंने कहा कि बाल श्रम कानूनन अपराध है। यह सामाजिक मूल्यों और भविष्य की पीढ़ी के साथ अन्याय है। चैंबर की नैतिक जिम्मेदारी है कि वह इस दिशा में जागरूकता फैलाए। व्यापारियों को प्रेरित करे कि वे बच्चों से काम न कराएं।
चैंबर व्यापारियों की आवाज: सुल्तानिया: सुल्तानिया ने कहा कि चैंबर व्यापारियों की आवाज बनकर सरकार और नीति मंचों तक उनकी बात पहुंचाता रहा है। प्राथमिकता है कि राज्य में व्यापारिक माहौल सरल, पारदर्शी और प्रगतिशील बने। आने वाले समय में टेक्नोलॉजी, कानून और डिजिटल व्यापार से जुड़ी कार्यशालाएं होंगी। इससे व्यापारी और सक्षम बनेंगे। बैठक में महिला चैंबर का गठन किया गया। डॉ. ईला गुप्ता को अध्यक्ष मनोनीत किया गया। प्रदेश के पांचों संभागों के लिए कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किए गए। जांजगीर-चांपा जिले के पदाधिकारियों ने भी बैठक में भागीदारी निभाई।
