DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कूरियर कंपनी के नाम पर फर्जी APK भेजकर की ठगी:जांजगीर में युवक के खाते से तीन किस्तों में 1.91 लाख रुपए निकाले, मामला दर्ज

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक युवक से 1 लाख 91 हजार 900 रुपए की ऑनलाइन ठगी हो गई। ठगों ने युवक को व्हाट्सऐप पर एक कूरियर कंपनी के नाम से फर्जी APK फाइल (एप इंस्टॉल करने वाली फाइल) भेजी थी, जिसे डाउनलोड करने के बाद उसका मोबाइल नंबर हैक हो गया और बैंक खाते से पैसे निकल गए।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक का नाम हर्षवर्धन बघेल है, जो वार्ड नंबर 21, जांजगीर का रहने वाला है। हर्षवर्धन ने बताया कि 7 अक्टूबर की दोपहर करीब 12 बजे एक अज्ञात नंबर से उसके मोबाइल पर “ब्ल्यू डार्ट पार्सल APK” नाम से 12 MB की एक फाइल भेजी गई थी। जैसे ही उसने उस लिंक पर क्लिक किया, उसका मोबाइल नंबर हैक हो गया।

तीन किस्तों में उड़ाए 1.91 लाख, युवक ने थाने में की शिकायत

इसके बाद उसके इक्विटास स्मॉल फाइनेंस बैंक (जांजगीर शाखा) के खाते से तीन बार में कुल 1.91 लाख रुपए निकाल लिए गए। जब हर्षवर्धन को इसकी जानकारी हुई, तो उसने जांजगीर थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान करने और जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस की अपील:जनता से अपील की गई है कि अनजान नंबर से आए किसी भी लिंक या फाइल को न खोलें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Exit mobile version