कोरबा। छठ महापर्व के तीसरे दिन आज संध्या अस्ताचल सूर्य को अर्ध्य देकर व्रतियों ने एक-दूसरे को छठ की बधाई दी, सिंदूर दान किया, छठ मैय्या की पूजा की। शहर के तुलसीनगर छठ घाट में भव्यता दिखी। शाम होते ही यहां हजारों की संख्या में व्रती, पूर्वांचल वासी और जनप्रतिनिधि, नेतागण, समाजसेवी पहुंचे और पूर्वांचल वासियों को बधाई दी। पूर्वांचल विकास समिति तुलसीनगर के संयोजक विकास अग्रवाल सहित सदस्यों ने सभी का अभिवादन किया।
की गई भव्य आरती

मंच पर भगवान सूर्य देव का विशाल चित्र और सजे मंडप से तुलसीनगर छठ घाट की भव्यता बढ़ा रहे थे। 5 बजकर 40 मिनट में व्रतियों ने नहर के जल में भगवान भुवन भास्कर की अस्ताचल के समय अर्ध्य दिया और उसके बाद महाआरती की गई। महाआरती में सैकड़ों लोग शामिल हुए।
सूप में रखे प्रसाद से छठी मैय्या की पूजा
व्रती महिलाओं ने सूप में रख कर प्रसाद -फल, ठेकुआ, चावल के लड्डू, गन्ना आदि अर्पण कर छठ मैय्या की पूजा की।
दीपक जलाकर सूर्य देव की आरती हुई और व्रतियों ने पारंपरिक छठ गीत गा कर परिसर को आध्यात्मिक बना दिया। दीपक जलाकर सूर्य देव को दूध, जल और गंगा जल अर्पित कर अर्ध्य दिया और परिवार, समाज एवं जिला की समृद्धि की कामना की।
सिंदूर दान
विवाहित व्रती महिलाओं ने एक-दूसरे को सिंदूर दान किया। मांग में सिंदूर लगाकर महिलाओं को सौभाग्यवती, पुत्रवती, धनवती का आशीर्वाद दिया गया। बुजूर्ग महिलाओं से छोटों ने आशीर्वाद लिया।
सूर्य सप्तमी में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील
तुलसी छठ घाट में कल 28 अक्टूबर को सूर्य सप्तमी पर अधिक से अधिक संख्या में व्रतियों, पूर्वांचल वासियों एवं नगर वासियों को उपस्थित होने की अपील समिति के संयोजक विकास अग्रवाल, अध्यक्ष शत्रुहन शर्मा ने की है।
