DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

छठ महापर्व संपन्न: तुलसीनगर छठ घाट में छठी मैय्या की पूजा के लिए उमड़ा जनसैलाब

विकास अग्रवाल के नेतृत्व में कई प्रतियोगिताएं संपन्न: व्रती महिलाओं का सम्मान, चरण पखारे पार्षद आरती ने

कोरबा। पूरे जिले में छठ महापर्व उदीयमान सूरज को अध्र्य देने के साथ संपन्न हो गया। अल सुबह से ही पूर्वांचलवासी छठ घाट पहुंचे थे और भगवान सूर्य देव के दर्शन के लिए इंतजार करते रहे और जैसे ही भुवन भास्कर ने दर्शन दिये, सभी व्रती उदीयमान सूरज को अध्र्य देने जलस्रोतों पर उतरे और अध्र्य दिया। सभी ने अपने-अपने परिवारों की खुशहाली की कामना की और पूरे भारत में सदभाव बना रहे, इसकी भी प्रार्थना छठी मैय्या एवं भगवान भुवन भास्कर से की।

सभी छठ घाटों में उल्लास और उमंग तैर रहे थे। छठी मैय्या की पूजा अर्चना के लिए पूर्वांचलवासियों के चेहरों पर मुस्कान दिख रही थी। तुलसीनगर छठ घाट में हजारों की भीड़ जमा थी और यहां की दिव्यता देखते ही बन रही थी। भाजपा नेता विकास अग्रवाल ने भी सपरिवार उदीयमान सूरज को अध्र्य दिया और पूरे कोरबा की खुशहाली, समृद्धि की कामना की।

व्रती महिलाओं का चरण पखारे, उपहार से किया सम्मानित

तुलसीनगर छठ घाट में विकास अग्रवाल के नेतृत्व में पूर्वांचल विकास समिति के सदस्य नया करने का जज्बा लिये छठी मैय्या की पूजा करते हैं। नगर पालिक निगम कोरबा वार्ड क्रमांक 2 साकेतनगर की पार्षद श्रीमती आरती विकास अग्रवाल ने यहां उपस्थित सभी व्रती महिलाओं का दूध, फूल मिश्रीत जल से चरण पखारे। यह सम्मान देखकर सभी व्रती महिलाएं आरती अग्रवाल की सौम्यता, सहृदयता और बड़पन्न को देखकर भाव विभोर हो गये और उन्हें शुभ आशीर्वाद देकर माथे पर सिंदूर लगाकर सौभाग्यवती और समृद्ध जीवन का शुभ आशीर्वाद दिया।

पूर्व पार्षद और भाजपा नेता विकास अग्रवाल ने सभी व्रती महिलाओं को उपहार देकर सम्मानित किया और आशीर्वाद लिया। सभी को सूर्य षष्ठी महापर्व के आखिरी दिन सूर्य सप्तमी की बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को भी सम्मानित किया। यहां पूर्वांचल विकास समिति ने रंगोली प्रतियोगिता, पारंपरिक छठ गीत प्रतियोगिता, छठ से संबंधित प्रश्न उत्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की थी, उन्हें भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

व्रतियों के लिए बेहतर सुविधा का प्रबंध

तुलसीनगर छठ घाट में हर साल व्रतियों की संख्या बढ़ती जा रही है। विकास अग्रवाल के नेतृत्व में तुलसीनगर पूर्वांचल विकास समिति के अध्यक्ष शत्रुघन शर्मा, उपाध्यक्ष मंजीत सिंह, पारस सिंह, जयप्रकाश शर्मा, अमन विश्वकर्मा, मुन्ना सिंह, अरविंद सिंह सहित अन्य सदस्यों ने यहां की व्यवस्था को बेहतर बनाने में अपनी भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन अध्यक्ष शत्रुघन शर्मा ने किया। यहां उपस्थित पंडितों ने दिव्य मंत्रोच्चार के साथ सूर्य षष्ठी की पूजा संपन्न कराई।

Exit mobile version