कोरबा। छत्तीसगढ़ प्रदेश कुर्मी क्षत्रिय समाज के तत्वावधान में समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक विशेष आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत प्रदेश स्तर पर छत्रपति शिवाजी महाराज प्रतिभा खोज प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता परीक्षा में 12वीं उत्तीर्ण युवा भाग ले रहे हैं। प्रदेश भर से परीक्षा के लिए 1100 से अधिक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया है, जिनमें कोरबा जिले से 66 अभ्यर्थी भी शामिल होगें।आवेदकों के लिए रोल नंबर और परीक्षा केंद्र जारी कर दिए गए हैं,जिसके अनुसार परीक्षा की तिथि 09 अगस्त रविवार, दोपहर 11:45 बजे से 02:00 बजे तक आयोजित होना है। परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल व्यापम की तर्ज पर किया जाएगा।इस परीक्षा के संचालन के लिए कृपा सिंधु राजवाड़े (अध्यक्ष,केंद्रीय आदर्श राजवाड़े कुर्मी समाज ) को परीक्षा प्रभारी,नियुक्त किया गया है।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम 10 अभ्यर्थियों को आकर्षक नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा जिसमें प्रथम पुरस्कार 21,000 रुपए,द्वितीय पुरस्कार 17,000 रुपए ,तृतीय पुरस्कार 15,000 रुपए,चतुर्थ पुरस्कार 11,000 रुपए,पंचम पुरस्कार 9,000 रुपए तथा छठवें से दसवें स्थान तक: 3,000 रुपए प्रत्येक को दिए जाएंगे।
युवा आदर्श राजवाड़े कुर्मी समाज के अध्यक्ष सन्तोष कुमार राजवाड़े ने बताया कि इस परीक्षा का मुख्य ध्येय समाज की युवा प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें भविष्य की प्रशासनिक व प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। उन्होंने पंजीकृत सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि व समय पर केंद्र में उपस्थित होकर परीक्षा में सम्मिलित होने की अपील की है।

