DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

HMPV वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने बनाई टीम:स्वास्थ्य मंत्री बोले- इमरजेंसी सिचुएशन नहीं लेकिन विभाग अलर्ट; महाराष्ट्र में मिले हैं केस

रायपुर,एजेंसी। छत्तीसगढ़ में HMPV वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार ने टीम बनाई है। केंद्र से मिले निर्देश के बाद 5 सदस्यीय टेक्नीकल का गठन किया गया है। ये टीम समय समय पर वायरस से जुड़े अपडेट, सुझाव स्वास्थ्य विभाग को देगी।

इससे पहले मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्री ने भी बैठक बुलाई। विभाग के अधिकारियों से उन्होंने वायरस के जो केस आए उन पर बात की। साथ ही प्रदेश में जांच और किसी भी आपात परिस्थिति से निपटने की तैयारी की भी रिपोर्ट ली।

अफसरों ने मंत्री को बताया कि स्वास्थ्य विभाग किसी भी प्रकार की आपात स्थिति के लिए पूरी तरह तैयार है। मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि, HMPV वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है, प्रदेश में कोई इमरजेंसी सिचुएशन नहीं है। छत्तीसगढ़ के पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र में इसके संक्रमित लोग मिले हैं।

डॉ.एस.के. पामभोई की अध्यक्षता में बनी टीम

सुझाव और गाइडलाइन तैयार किए जाने के लिए ये समिति बनी है। इस समिति में संचालक, महामारी नियंत्रण डॉ. एस.के. पामभोई अध्यक्ष के रूप में हैं। इनके साथ सदस्य के रूप में उपसंचालक डॉ. खेमराज सोनवानी, उपसंचालक डॉ. धर्मेन्द्र गहवई, राज्य सलाहकार आईएसडीपी आकांक्षा राणा और राज्य सलाहकार आईएसडीपी चयनिका नाग शामिल हैं।

पहले भी सामने आ चुका है ये वायरस

छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि, स्वास्थ्य विभाग में विशेषज्ञों की टीम इस वायरस के बारे में निगरानी रख रही है। इसके लक्षण और प्रभाव के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। कोरोना महामारी के बाद से ही किसी भी प्रकार के आपात स्थिति को लेकर विभाग तैयार है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि, यह वायरस पहले भी रिपोर्ट किया जा चुका है और इससे घबराने की कोई बात नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है। आम जनता स्वच्छता पर जोर दे। हमारी पूरी कोशिश है कि इस वायरस को रोके और साथ ही इससे लड़ने के लिए जनता को भी जागरूक करें।

Exit mobile version