सक्ती। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर सक्ती पहुंचे। यहां उन्होंने नए भाजपा जिला कार्यालय का भूमिपूजन किया और जिले के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। साथ ही जिला मुख्यालय में बनने वाले नए भाजपा जिला कार्यालय का विधिवत भूमिपूजन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सक्ती में भाजपा का अपना आधुनिक जिला कार्यालय बनने से संगठन की गतिविधियां और मजबूत होंगी। उन्होंने इसे पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया। भूमिपूजन के बाद मुख्यमंत्री कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में प्रदेश की टॉप-10 सूची में जगह बनाने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह दिए
सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों को लगातार प्रोत्साहित कर रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि नया जिला कार्यालय संगठन के विस्तार और कार्यकर्ताओं की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। इससे पार्टी को जिले में और मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री को भेंट की गई भगवान श्रीराम और गणेश की प्रतिमाएं
कार्यक्रम के अंत में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें भगवान श्रीराम और भगवान गणेश की प्रतिमाएं भेंट कर सम्मानित किया गया।
शिक्षा और संगठन दोनों पर रहा फोकस
मुख्यमंत्री का सक्ती दौरा दो कारणों से खास रहा। एक तरफ भाजपा के नए जिला कार्यालय की आधारशिला रखी गई, वहीं दूसरी ओर प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
