रायपुर,एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को छत्तीसगढ़ के पहले 240 बिस्तर के सुपर स्पेशियलिटी सिम्स का लोकार्पण करेंगे। इस दौरान वे केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान का शिलान्यास भी करेंगे। दोनों ही कार्यक्रमों में पीएम मोदी वर्चुअली जुड़ेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी मौजूद रहेंगे। बताया गया है कि बिलासपुर में 200 करोड़ रुपए की लागत से सिम्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल तैयार किया गया है।
पहले चरण में ओपीडी, दूसरे चरण में वार्ड और आईसीसीयू, डायलिसिस यूनिट व लैब तीसरे चरण में कैथ लैब, ओटी, हार्ट व लंब की मशीनें शुरू होंगी। और चौथे चरण में अस्पताल पूरी तरह से काम करने लगेगा। बिलासपुर में इस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के शुरू हो जाने से सरगुजा और बिलासपुर संभाग के मरीजों को रायपुर आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और उन्हें पास में ही इलाज की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
24 माह में बनेगा केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान प्रधानमंत्री इसी दिन रायपुर में 100 बिस्तरों वाले केंद्रीय योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान का शिलान्यास भी करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि 90 करोड़ रूपए की लागत से इस संस्थान का निर्माण 24 माह में पूरा होगा।
राज्य सरकार ने इस संस्थान के लिए 10 एकड़ की भूमि आयुष विभाग को उपलब्ध करा दी है। यह छत्तीसगढ़ का पहला योग और प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान केंद्र और अस्पताल होगा जो गैर संचारी रोगों के उपचार की सुविधा प्रदान करेगा।
