DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

पटरी पर बैठकर फ्री-फायर खेल रहा बच्चा मालगाड़ी से कटा:एक गंभीर, ईयरफोन लगाकर मोबाइल में बिजी थे, प्रसाद लेने गए 2 दोस्त बचे

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में रेल पटरी पर बैठकर फ्री फायर गेम खेल रहा 14 साल का लड़का मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौत हो गई। 15 सितंबर की रात 8 बजे सकरेलीभाठा फाटक के पास 4 दोस्त पटरी पर बैठकर मोबाइल पर गेम खेल रहे थे।

थोड़ी देर बाद 2 दोस्त गणेश पंडाल में प्रसाद लेने चले गए। टिकेश साहू और नवीन खांडे वहीं बैठे रहे। दोनों ने कान में ईयरफोन लगा रखा था। इसी दौरान मालगाड़ी की चपेट में आने से टिकेश की मौत हो गई। नवीन गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसका इलाज जारी है। मामला बाराद्वार थाना क्षेत्र का है।

मालगाड़ी की चपेट में आने से 14 साल के लड़के की मौत हो गई।

मालगाड़ी की चपेट में आने से 14 साल के लड़के की मौत हो गई।

टिकेश साहू क्लास 9th में पढ़ता था।

टिकेश साहू की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, टिकेश साहू (14) और नवीन खाण्डे (14) सकरेलीभाठा के रहने वाले हैं। दोनों 9वीं कक्षा के छात्र हैं। 15 सितंबर की रात करीब 8 बजे रेल पटरी पर बैठे थे। दोनों कान में ईयर फोन लगाकर मोबाइल में फ्री फायर गेम खेल रहे थे। इन दोनों के अलावा दो और दोस्त इसी जगह पर बैठकर मोबाइल पर गेम खेल रहे थे।

2 लड़के प्रसाद लेने पंडाल चले गए

घटनास्थल से कुछ दूरी पर गणेश भगवान का पंडाल भी बना हुआ है। टिकेश और नवीन के साथ बैठे दोनों बच्चे पंडाल में प्रसाद लेने के लिए चले गए। जबकि टिकेश और नवीन वहीं पटरी के पास बैठे रहे।

इसी दौरान बाराद्वार की ओर से मालगाड़ी आ गई। गेम खेलने में व्यस्त टिकेश और नवीन समय रहते पटरी से हट नहीं सके। मालगाड़ी की चपेट में आने से टिकेश की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, नवीन के सिर, कंधे और पैर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने उसे तत्काल बाराद्वार अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे चांपा रेफर कर दिया।

हादसे में नवीन खाण्डे गंभीर रूप से घायल है, उसका इलाज जारी है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। 16 सितंबर की सुबह पुलिस ने टिकेश के शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

टिकेश कक्षा 9वीं में पढ़ता था। उसकी मौत की खबर से परिवार के साथ स्कूल और पूरे गांव में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि मोहल्ले के करीब आधा दर्जन नाबालिग बच्चों की रेल पटरी के पास बैठकर मोबाइल गेम खेलने की आदत थी।

बाराद्वार थाना प्रभारी नरेंद्र यादव ने बताया कि, पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद टिकेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Exit mobile version