DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

एनकेएम लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा के बच्चों ने खुशियों के बीच मनाया बाल दिवस

कोरबा/मड़वारानी। नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल मड़वारानी में 14 नवम्बर को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती के उपलक्ष्य में बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शिक्षकों द्वारा आयोजित विशेष प्रार्थना सभा से हुआ, जिसमें बच्चों के प्रति चाचा नेहरू के प्रेम और उनके सपनों को याद किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की खुशियों को दोगुना करने के लिए सभी कक्षाओं में बच्चों को स्कूल की ओर से उपहार, मिठाइयाँ एवं चॉकलेट वितरित की गईं। साथ ही विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन कर बच्चों को उत्साहपूर्वक भाग लेने, आत्मविश्वास बढ़ाने एवं अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यालय के संस्थापक पीएमजेएफ लायन डॉ राजकुमार अग्रवाल का बच्चों के बीच आगमन रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को स्नेहपूर्वक मिठाइयाँ वितरित कीं तथा अपना आशीर्वाद देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे अनमोल मुस्कान हैं। हर बच्चे के भीतर एक विशेष प्रतिभा छिपी होती है। उसे पहचानकर आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है। जीवन में बड़े सपने देखें, खूब मेहनत करें, अनुशासन अपनाएँ और हमेशा अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ें।
उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में सफलता की नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने का आशीर्वाद दिया।
वहीं विद्यालय की चेयरमैन श्रीमती खुशबू आशीष अग्रवाल ने अपने स्नेहपूर्ण संबोधन में बच्चों को संदेश दिया कि बचपन, जीवन का सबसे खूबसूरत दौर है। इसे सीखने, खेलने और नए सपने देखने में बिताएँ। उन्होंने बच्चों को अपनी रुचियों को पहचानने, असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीखने तथा हमेशा जिज्ञासु और सकारात्मक बने रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हर बच्चा अपने आप में एक चमकता सितारा है, बस जरूरत है अपने सपनों को मेहनत और लगन से साकार करने की।
इस अवसर पर विद्यालय के शैक्षणिक प्रमुख सुभाषचन्द्र अनन्त ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चा अपने आप में अनमोल है। बच्चों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं रचनात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों द्वारा बच्चों के लिए आयोजित विशेष कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है। पूरा विद्यालय परिसर बच्चों की हँसी, उमंग और खुशियों से सराबोर रहा। इस प्रकार बाल दिवस का आयोजन बच्चों के लिए यादगार एवं आनंदमय बन गया।

Exit mobile version