भारतीय संस्कृति और पुरातन सभ्यता का एक जीवंत अभ्यास है योगाभ्यास – डॉ. राजकुमार अग्रवाल
कोरबा। 21 जून 2025 को नितेश कुमार मेमोरियल लायंस पब्लिक स्कूल खरहरकुड़ा मड़वारानी परिसर में विश्व योगा दिवस के अवसर पर शिक्षकों एवं छात्रों द्वारा विभिन्न योगाभ्यास करते हुये योगकला के प्रति जागरूकता प्रकट किया।

इस अवसर पर विद्यालय के क्रीड़ा शिक्षक नरेन्द्र राजवाड़े ने सभी शिक्षकों एवं छात्रों को विभिन्न प्रकार के योग जैसे ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, त्रिकोणासन, प्राणायाम का योगाभ्यास कराते हुये योगों की उपयोगिता के बारे में बताया।
इस पर विद्यालय के चेयरमेन पीएमएजेएफ लायन डॉ. राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि हमारी भारतीय संस्कृति और पुरातन सभ्यता का एक जीवंत अभ्यास है योगाभ्यास, जो हमें केवल शारीरिक ही नहीं बल्कि मानसिक व आत्मीय शांति भी प्रदान करता है। योग शब्द की उत्पत्ति संस्कृत शब्द से हुई है, जिसके दो अर्थ है – एक अर्थ है जोड़ना और दूसरा अर्थ है अनुशासन। करें योग-रहें निरोग.. इस कथन को आज समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आत्मसात करते हुये स्वयं को स्वस्थ रखना है। साथ ही विद्यालय के प्राचार्य राकेश साहू ने कहा कि शास्त्रों में लिखा है कि स्वस्थ शरीर में ईश्वर का वास होता है और एक स्वस्थ शरीर के लिए योग का एक विशेष महत्व है।
इस अवसर पर विद्यालय की उपप्राचार्य श्रीमती मनोरमा शर्मा, एकेडमिक हेड सुभाष चंद अनंत सहित स्टॉफ व छात्र उपस्थित थे।
