DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

श्रद्धा महिला मंडल द्वारा श्रवण-बाधित बालिकाओं के बीच मनाया गया बाल दिवस

मंडल द्वारा बच्चियों के लिए भेंट की गई ऑटोमैटिक वाशिंग मशीन

बिलासपुर। बाल दिवस 2025 के अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल बिलासपुर ने एक हृदयस्पर्शी एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया। मंडल की अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन के मार्गदर्शन में निवेदिता हॉस्टल, सरकंडा स्थित ‘सत्य साईं हेल्प वे’ में रह रहीं 45 श्रवण-बाधित बालिकाओं के साथ यह विशेष दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में अध्यक्षा श्रीमती दुहन, उपाध्यक्षा गण तथा मंडल की अन्य सदस्याएँ सम्मिलित हुईं।

कार्यक्रम की शुरुआत में बालिकाओं ने स्वयं बनाए गए गुलाब के फूलों से अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। तत्पश्चात पंडित जवाहरलाल नेहरू एवं महात्मा गांधी के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।

श्रीमती दुहन ने बालिकाओं के साथ मिलकर बाल दिवस का केक काटा, जिसके बाद बालिकाओं ने अपनी मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से सभी का मन जीत लिया। उनकी प्रतिभा, आत्मविश्वास और उत्साह ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

इस अवसर पर श्रद्धा महिला मंडल द्वारा बालिकाओं की दैनिक सुविधा हेतु एक फुली ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीन भेंट की गई। इसके अतिरिक्त सभी 45 बालिकाओं को टी-शर्ट्स वितरित की गईं। बालिकाओं के लिए स्वादिष्ट लंच की व्यवस्था भी की गई, जिसका उन्होंने उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

कार्यक्रम के अंत में बालिकाओं ने सांकेतिक भाषा में श्रद्धा महिला मंडल के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त किया। उनकी मासूम मुस्कान और सृजनशीलता ने सभी उपस्थितजनों को गहराई से प्रेरित किया।

श्रद्धा महिला मंडल द्वारा किया गया यह सराहनीय प्रयास समाज में संवेदनशीलता, सेवा और सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता है।

Exit mobile version