पाली। विकासखंड अंतर्गत संकुल केंद्र सोनसरी के प्राथमिक शाला डुगूपारा में 14 नवंबर को बाल दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय प्रांगण को बच्चों द्वारा रंग-बिरंगे गुब्बारों और पोस्टरों से सजाया गया था। सुबह से ही विद्यालय में उत्सव जैसा माहौल रहा।कार्यक्रम की शुरुआत देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर और दीप प्रज्वलित कर की गई। इस अवसर पर प्रधान पाठक प्यारेलाल कोराम ने बच्चों को बाल दिवस के महत्व के बारे में बताया।

उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू जी को बच्चों से अत्यंत प्रेम था, इसलिए उनके जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। बच्चों को चाचा नेहरू के आदर्शों पर चलने और खूब मन लगाकर पढ़ने की प्रेरणा दी गई।बाल दिवस के इस पावन अवसर पर विद्यालय में न्योता भोजन का आयोजन किया गया। प्रधान पाठक प्यारेलाल कोराम के सौजन्य से सभी स्कूली बच्चों को प्रेमपूर्वक स्वादिष्ट भोजन कराया गया। भोजन में बच्चों ने बड़े उत्साह से भाग लिया।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं शिक्षकों द्वारा सभी बच्चों को शिक्षा सामग्री के रूप में पेन, पेंसिल, रबर और टॉफी-बिस्किट का वितरण किया गया। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी देखते ही बन रही थी। बच्चों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम, कविता पाठ और भाषण भी प्रस्तुत किए गए।इस अवसर पर मुख्य रूप से पंच सुशीला बाई, शाला प्रबंधन समिति (एस.एम.सी.) अध्यक्ष मनीषा पैकरा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ललिता सिदार, सहायिका शारदा देवी, समूह की सदस्य राजकुमारी, देवकुंवर, सविता, चंपाबाई, शिक्षक शम्हन सिंह राज, भूतपूर्व छात्राएं सुप्रिया, गौरी, रूपेश कुमार, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
