कोरबा। कोरबा के ग्राम पंचायत बोतली के जूनापारा स्थित प्राथमिक शाला में बाल दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने कई गतिविधियों में भाग लिया, जिसमें उन्होंने छोटे-छोटे सामानों से आकर्षक खिलौने तैयार किए।
कार्यक्रम में एमडीएस की अध्यक्ष विदेशी बाई राठिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। विद्यालय के प्रधान पाठक ललित कुमार जगत और सहायक शिक्षक सुरेश कुमार चौहान ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि यह दिन बच्चों की प्रतिभा, कल्पनाशक्ति और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने का अवसर है। शिक्षकों ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया। स्वामी आत्मानंद विद्यालय, जमनीपली में भी बाल दिवस के अवसर पर बाल मेले का आयोजन किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य अभिमन्यु साहू ने मेले का उद्घाटन किया। मेले में छात्रों ने विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों के स्टॉल लगाए। इनमें गुपचुप, सैंडविच, भेल, चाउमीन, मोमोज, चाय और फ्रूट चाट जैसे व्यंजन शामिल थे।
विद्यालय के प्राथमिक वर्ग के छात्रों ने शासन के निर्देशानुसार एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरसी) मेला भी आयोजित किया। इसमें गणित, अंग्रेजी और विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों को समझाने वाले चार्ट और मॉडलों का प्रदर्शन किया गया। मेले में कुल 40 से अधिक स्टॉल लगाए गए थे।
विद्यालय की को-ऑर्डिनेटर श्रीमती रेखा सिंह ने बताया कि बाल मेला छात्रों को मनोरंजन और स्वाद का अनुभव कराने के साथ-साथ उनमें उद्यमिता की भावना भी विकसित करता है। शहर के साडा कन्या विद्यालय में भी बाल दिवस का आयोजन किया गया।
