DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

मसीही समाज बोला- जबरन बंद करवाई प्रार्थना सभा:रायगढ़ में कहा- कुछ संगठन हमारी आस्था पर कर रहे हमला, पुलिस भी दे रही साथ

रायगढ़ , एजेंसी। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में हिंदू संगठनों के विरोध के बाद रविवार को होने वाली मसीही समाज की प्रार्थना सभा अब बंद है। ऐसे में सोमवार को मसीही समाज के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और उन्होंने कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर उचित कदम उठाने की मांग की है।

मसीही समाज ने कहा कि कुछ दल के लोगों और अन्य असामाजिक तत्वों द्वारा उनकी आस्था पर लगातार आक्रमण किया जा रहा है। जिसके कारण मसीही समाज की धार्मिक स्वतंत्रता का हनन हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन दलों के लोग काफी संख्या में प्रार्थना सभा में पहुंचते हैं और गाली-गालौज कर धर्म गुरुओं से मारपीट करते हैं।

उन्होंने यह भी कहा है कि मोहल्ले के लोगों को झूठा गवाह बनाकर खड़ा करते हैं। धर्म गुरुओं पर लालच और जबरन धर्मांतरण करवाने का भी आरोप लगाते हैं।

मसीही समाज का कहना है कि जो लोग हमारे घरों में प्रार्थना करने और करवाने आते हैं। उन्हें प्रार्थना करने नहीं देते हैं। प्रार्थना स्थल को ही बंद करने को कहा जाता है। ऐसे में आज प्रार्थना स्थल भी बंद पड़े हैं और इससे उनकी धार्मिक आजादी का भी हनन हो रहा है।

अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे मसीही समाज के लोग।

अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे मसीही समाज के लोग।

पुलिस की उपस्थिति में होती है घटनाएं

मसीही समाज के लोगों के आवेदन में यह भी कहा गया है कि जब प्रार्थना सभा बंद कराने जैसी घटनाएं होती है तो उस समय पुलिस की मौजूदगी भी रहती है। इस स्थिति में जब मसीही समाज पुलिस के समक्ष आवेदन लेकर जाती है तो पुलिस के अधिकारी इसे तत्काल स्वीकार नहीं करते, बल्कि आश्वासन दे देते हैं और उन दलों के लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करते हैं।

उच्चाधिकारियों से चर्चा कर हल निकालेंगे

इस संबंध में SDM प्रवीण तिवारी ने बताया कि मसीही समाज के लोगों ने आवेदन सौंपा है। उनकी मांग है कि उनकी प्रार्थना सभा में जो लोग आते हैं उन्हें अनुमति दी जाए। इसके लिए उच्चाधिकारियों और पुलिस विभाग से चर्चा कर कुछ हल निकाला जाएगा।

Exit mobile version