कोरबा। कोरबा में नगर सेना के एक जवान संतोष पटेल ने बर्खास्तगी से आहत होकर आत्महत्या का प्रयास किया है। इस घटना के विरोध में नगर सेना के जवान कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि पीड़ित जवान को तत्काल बहाल किया जाए। वहीं, इस मामले में जिला सेनानी अनुज एक्का को हटा दिया गया है।
जांजगीर जिला सेनानी योग्यता साहू को कोरबा जिले के नगर सेना प्रभारी का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। दरअसल, पीड़ित जवान संतोष पटेल ने जहर सेवन से पहले सुसाइड नोट लिखा था। जिसमें डिविजनल कमांडेंट और कोरबा कमांडेंट पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है।

पूर्व राजस्व मंत्री ने की प्रदर्शनकारियों से मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, जवान संतोष पटेल ने कुछ दिन पहले कलेक्टर परिसर में जहर का सेवन कर लिया था। उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोरबा में भर्ती कराया गया। बाद में नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रायपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
मंगलवार को घटना के विरोध में नगर सेना के जवान नगर सेन कार्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। मामले का जानकारी मिलते ही पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल धरनास्थल पर पहुंचे और जवानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने आंदोलन को समर्थन देने की बात कही।
बहाली और एफआईआर की मांग
प्रदर्शन कर रहे जवानों की मांग थी कि पीड़ित जवान संतोष पटेल को तत्काल बहाल किया जाए। साथ ही दोषी अधिकारी जिला सेनानी अनुज एक्का के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और उनका तबादला किया जाए।
महिला सैनिकों ने किया प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों ने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले ही जिला सेनानी के खिलाफ महिला सैनिकों ने भी प्रताड़ना को लेकर आंदोलन किया था, जिससे विभाग में पहले से ही असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
