नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम/गुवाहाटी/कोलकाता/चेन्नई,एजेंसी। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में चुनाव आयोग के ऑफिस (ECO) के बाहर भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं। इधर CM ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि BJP बिहार, उत्तर प्रदेश के अवैध वोटरों को बंगाल के वोटर लिस्ट में शामिल करने की कोशिश कर रही है।

ममता ने X पर एक पोस्ट में कहा- भाजपा के एजेंटों को बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के ऑफिस में हजारों फर्जी फॉर्म 6 आवेदन जमा करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। यह वोटर हाइजैकिंग की कोशिश है, वही गंदा खेल जो भाजपा ने महाराष्ट्र और दिल्ली में खेला था।
गुवाहाटी में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और असम CM हिमंता बिस्वा सरमा के और तिरुवनंतपुरम में BJP अध्यक्ष नितिन नबीन ने मेनिफेस्टो जारी किया।
चुनाव से जुड़े अपडेट्स
TMC के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश और बिहार से अवैध रूप से वोटर बंगाल के विभिन्न जिलों में लाए जा रहे हैं। बिहार के 800 वोटरों को मेदिनीपुर में जोड़ा गया है। भाजपा बंगाल की जनसांख्यिकी बदलना चाहती है।
भाजपा ने केरलम के मेनिफेस्टो में AIIMS और तिरुवनंतपुरम से कन्नूर तक हाई-स्पीड रेलवे नेटवर्क विकसित करने का वादा किया। पार्टी ने ‘भक्ष्य आरोग्य सुरक्षा कार्ड’ योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ₹2500, बुजुर्गों, विधवाओं और जरूरतमंद महिलाओं को ₹3000 पेंशन देने की घोषणा की।
भाजपा ने असम के लिए मेनिफेस्टो में लव जिहाद पर एक्शन, घुसपैठियों से कब्जाई जमीन वापस लेने, राज्य में UCC लागू करने, युवाओं को 5 साल में 2 लाख नौकरियां देने का वादा किया है। पत्र में कुल 31 वादे किए गए हैं।
असम के लिए कांग्रेस ने 5 गारंटियां जारी की हैं। इसमें महिलाओं को नकद सहायता, सीनियर सिटिजन को पेंशन, हर परिवार को ₹25 लाख तक का हेल्थ कवर, गायक जुबीन गर्ग को 100 दिन में न्याय और 10 लाख स्वदेशी लोगों को जमीन का अधिकार देने का वादा शामिल है।
TVK चीफ विजय और उनकी पार्टी के 5 हजार कार्यकर्ताओं पर चुनाव के नियमों के उल्लंघन के आरोप में आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज हुआ।
कांग्रेस उम्मीदवार सतीशान बोले- केरल CM के साथ कभी भी बहस को तैयार
केरल में विपक्ष के नेता और कांग्रेस उम्मीदवार वी.डी. सतीशान ने CM पिनराई विजयन का उनके साथ डिबेट करने का चैलेंज स्वीकार कर लिया है। सतीशान ने कहा- पहली बार मुख्यमंत्री ने मुझसे बहस करने का प्रस्ताव रखा। मैंने मुख्यमंत्री की पहल स्वीकार कर ली है और उनसे कहा है कि जब भी और जहां भी वे समय और जगह तय करें, मैं तैयार हूं।
राहुल बोले- आज से एक-दो महीने बाद देश में वित्तीय भूकंप आएगा
केरल के कोझिकोड में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मिडिल ईस्ट में जारी तनाव को लेकर कहा कि आने वाले समय में इसका असर भारत पर पड़ेगा और एक ‘आर्थिक भूचाल’ की स्थिति बन सकती है।
राहुल गांधी ने कहा- मिडिल ईस्ट में जो घटनाक्रम चल रहा है, वह एक बड़ी त्रासदी की ओर बढ़ रहा है और यह स्पष्ट नहीं है कि इसका अंत कहां होगा। इसका सीधा असर भारत और खासकर केरल के लोगों पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा- आने वाले समय में ईंधन की कीमतें बढ़ेंगी और महंगाई में इजाफा होगा। आज से एक या दो महीने बाद देश में वित्तीय भूकंप आएगा, जिससे आम लोगों की जिंदगी प्रभावित होगी।
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे इस स्थिति से निपटने में सक्षम नहीं हैं। साथ ही उन्होंने केरल की LDF सरकार से भी सवाल किया कि वह लोगों को इस संभावित संकट से बचाने के लिए क्या कदम उठा रही है।
महुआ मोइत्रा का आरोप- BJP बाहरी लोगों के नाम वोटर लिस्ट में जोड़ रही
TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि बंगाल चुनाव आयोग भाजपा से हजारों की संख्या में फॉर्म 6 स्वीकार कर रहे हैं ताकि राज्य के बाहर के लोगों को चुनाव में धांधली करने के लिए शामिल किया जा सके। आज उन्होंने मुर्शिदाबाद, मेदिनीपुर और उत्तर 24 परगना में सूचियों में नाम जोड़ने की कोशिश की। हम भाजपा और चुनाव आयोग को चोरी करने नहीं देंगे।
