संवाददाता साबीर अंसारी
कोरबा:– छत्तीसगढ़ शासन के आदेश अनुसार प्रदेश में दिनांक 16 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा मनाया जाना है। इस तारतम्य में कटघोरा विकासखंड अंतर्गत माध्यमिक शाला राल में स्वच्छता पखवाड़ा तिथि वार मनाया जा रहा है।
प्रथम दिवस पर शाला के प्रधान पाठक शिव कुमार साहू के मार्गदर्शन में सर्वप्रथम 16 सितंबर को स्वच्छता हेतु शाला के समस्त विद्यार्थियों, ग्राम के गणमान्य नागरिकों, शाला विकास समिति के पदाधिकारीगण को आमंत्रित कर स्वच्छता हेतु शपथ दिलाया गया।
वही द्वितीय दिवस पर्यावरण स्वच्छता जन जागरूकता फैलाने हेतु निबंध प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, नारा लेखन प्रतियोगिता कराया गया।

तृतीय दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम” के अंतर्गत समुदाय को वृक्षारोपण हेतु प्रेरित किया गया साथ ही सेल्फी पॉइंट बनाकर फोटो खींचते हुए मनोरंजन के साथ अधिक से अधिक पेड़ लगाने एवं सुरक्षा करने हेतु संकल्प लिया गया जिसमें शाला में अध्यनरत 80 विद्यार्थियों के पालकों (माताओं) के द्वारा वृक्षारोपण किया गया।
चतुर्थ दिवस पर स्कूलों में प्रश्न मंच प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया, जिसमें स्कूल के छात्र-छात्राएं बड़े उत्साह के साथ गतिविधियों में सम्मिलित हुए। शाला के सभी शिक्षक शिक्षिकाओं के द्वारा स्वच्छता संबंधित नारा लगाते हुए ज्यादा से ज्यादा पर्यावरण को स्वस्थ एवं सुंदर बनाने हेतु प्रेरित किया गया।
