DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

देहरादून के सहस्त्रधारा में बादल फटा, टपकेश्वर मंदिर डूबा:2 फीट मलबा भरा, हिमाचल के मंडी में लैंडस्लाइड, 3 मरे, धर्मपुर में बसें बहीं

देहरादून ,एजेंसी। उत्तराखंड के देहरादून में सहस्त्रधारा में सोमवार देर रात बादल फटा। भारी बारिश से तमसा नदी में आई बाढ़ में 2 लोग लापता हो गए, जबकि कई गाड़ियां बह गईं। देहरादून में 12वीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

बाढ़ में टपकेश्वर महादेव मंदिर डूब गया। पुजारी ने बताया- सुबह 5 बजे नदी में बाढ़ आई, पूरा मंदिर डूब गया, कई मूर्तियां बह गईं। हालांकि, गर्भगृह सुरक्षित है। पानी उतरने पर मंदिर में 2 फीट मलबा दिखा।

हिमाचल प्रदेश के मंडी के धर्मपुर बस स्टैंड में भी रात में हुई बारिश के बाद मलबा भर गया। बाढ़ में कई बसें दूर तक बह गईं। राज्य में 3 नेशनल हाईवे बंद हैं। 493 सड़कों पर आवाजाही ठप है।

मंडी के ही निहरी में लैंडस्लाइड के कारण 3 की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक पास की एक चट्टान का मलबा एक घर पर गिर गया, जिससे वह ढह गया। इसमें एक ही परिवार के 5 लोग मलबे में दब गए।

सोमवार को भारी बारिश ने महाराष्ट्र के मुंबई में रेलवे ट्रैक, सब-वे और सड़कों पर पानी भर गया। बीड में 11 ग्रामीणों को वायुसेना ने एयरलिफ्ट किया।

बाढ़ और बारिश से जुड़ी तस्वीरें…

देहरादून में बादल फटने से आई बाढ़ में कार फंस गई। एक शख्स कार को बहने से बचाने की कोशिश करता नजर आया।

मंडी के धर्मपुर में बस स्टैंड में बसें बाढ़ के पानी में बहकर काफी दूर तक चली गईं। पानी कम होने पर चारों तरफ मलबा फैला दिखाई दिया।

भारी बारिश के बाद देहरादून के टपकेश्वर मंदिर को नुकसान पहुंचा। मंदिर में मलबा भर गया।

Exit mobile version