भाजपा के वरिष्ठ नेता शिव चौहान के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से की सौजन्य भेंट
पाली। राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अब तक पाली ब्लॉक के प्रवास पर नहीं आए हैं। उन्होंने भाजपा प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि वह पाली ब्लॉक के प्रवास पर आएंगे और आम जनता सहित कार्यकर्ताओं से भेंट मुलाकात करेंगे। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व जिला महामंत्री शिवकुमार चौहान के नेतृत्व में पाली भाजपा के प्रतिनिधि मंडल ने रायपुर में मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंडल अध्यक्ष भैया लाल जायसवाल, आदि शक्ति मां महिषासुर मर्दिनी धार्मिक एवं जन कल्याण न्यास के अध्यक्ष प्रभु लाल चौहान, पूर्व एल्डरमेन नगर पंचायत पाली अशोक श्रीवास्तव, भाजपा मंडल पाली मीडिया प्रभारी हरीश चावड़ा आदि ने श्री चौहान के नेतृत्व में मुख्यमंत्री श्री साय का शाल एवं बुके भेंटकर आत्मीय स्वागत किया और मां महिषासुर मर्दिनी देवी का तैल्यचित्र भेंट कर उन्हें नवरात्रि के अवसर पर चैत्र नवरात्र महोत्सव में चैतुरगढ आने का निमंत्रण दिया। इस प्रवास पर श्री चौहान ने पाली क्षेत्र की आवश्यकताओं और समस्याओं की ओर मुख्यमंत्री श्री साय का ध्यान आकर्षण भी कराया। उन्होंने क्षेत्र की बिजली, पानी, स्वास्थ्य, सडक़ की जरूरत,रोजगार के अवसर मुहैया कराने, पर्यटन विकास की आवश्यकता सहित पाली के आसपास खुल रहे कोयला खदान से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। साथ ही किसानों के लिए सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित कर उनकी अर्थव्यवस्था मजबूत करने के लिए भी कार्य योजना तैयार कर क्रियान्वित करने का निवेदन किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं पर गंभीरता पूर्वक विचार किया जाएगा और बहुत जल्द पाली ब्लॉक के प्रवास पर भी आएंगे। विदित हो कि श्री चौहान का सीएम श्री साय के साथ लम्बे समय से पार्टी में राजनैतिक और व्यक्तिगत संबंध हैं।
