DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

CNG Price Hike: फिर बढ़े CNG के दाम, अडानी गैस ने 2.25 रुपए प्रति किलो महंगा किया ईंधन

मुंबई, एजेंसी। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब सीएनजी उपभोक्ताओं को भी महंगाई का झटका लगा है। अडानी गैस ने सीएनजी की कीमत में 2.25 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी है। नई दर लागू होने के बाद कंपनी के नेटवर्क में सीएनजी की कीमत बढ़कर 86.02 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई है।

इससे पहले सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण ईंधन कीमतों पर दबाव बना हुआ है।

दिल्ली और मुंबई समेत कई शहरों में भी सीएनजी के दाम बढ़ाए गए हैं। नई कीमतों के अनुसार दिल्ली में सीएनजी 79.09 रुपए प्रति किलो और मुंबई में 84 रुपए प्रति किलो हो गई है। हालांकि, पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है।

एक्सपर्ट की राय

विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन कीमतों में लगातार वृद्धि से महंगाई पर असर पड़ सकता है। DBS बैंक की वरिष्ठ अर्थशास्त्री राधिका राव के अनुसार, कीमतों में बढ़ोतरी से मांग में कमी आ सकती है और महंगाई दर पर 15 से 25 बेसिस पॉइंट तक का प्रभाव पड़ सकता है।

वहीं, इक्रा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रशांत वशिष्ठ ने कहा कि यदि कच्चे तेल की कीमतें 105 से 110 डॉलर प्रति बैरल के बीच बनी रहती हैं, तो मौजूदा मूल्य वृद्धि तेल विपणन कंपनियों के नुकसान की भरपाई के लिए पर्याप्त नहीं होगी। इक्रा के अनुसार, तेल कंपनियां अभी भी पेट्रोल, डीजल और घरेलू LPG की बिक्री पर प्रतिदिन करीब 500 करोड़ रुपए का नुकसान उठा रही हैं।

Exit mobile version