DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोल इंडिया को मिला प्रतिष्ठित गोल्डन पीकॉक सीएसआर अवॉर्ड

कोरबा/बिलासपुर। कोल इंडिया लिमिटेड को निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य करने के लिए प्रतिष्ठित ‘गोल्डन पीकॉक सीएसआर अवॉर्ड 2024’ से नवाजा गया है। कोल इंडिया अध्यक्ष पी.एम. प्रसाद एवं निदेशक (कार्मिक) विनय रंजन ने इंस्टीट्यूट ऑफ डायरेक्टर्स द्वारा सीएसआर विषय पर गुरुवार को मुंबई में आयोजित 19वें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में यह सम्मान हासिल किया।

यह प्रतिष्ठित सम्मान जरूरतमंद लोगों की जिंदगियों में बदलाव की कोल इंडिया की प्रतिबद्धता की एक मान्यता है। कंपनी की सीएसआर पहलों ने अब तक लगभग साढे तीन करोड़ से अधिक लोगों के जीवन को सकारात्मक रूप से प्रभावित किया है। पिछले पांच वर्षों से केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (सीपीएसई) में सबसे अधिक सीएसआर खर्च करने वाली कंपनी के रूप में कोल इंडिया ने सिर्फ पिछले वित्त वर्ष में सीएसआर गतिविधियों पर 572 करोड़ रुपये खर्च किए। कंपनी अपने सीएसआर फंड का 70% से अधिक हिस्सा स्वास्थ्य सेवा, पोषण और स्वच्छता, और शिक्षा व आजीविका से जुड़े कार्यों पर खर्च करती है।

भारत सरकार की यह महारत्न कंपनी अपनी सीएसआर पहलों के माध्यम से राष्ट्रीय मिशनों में भी महत्वपूर्ण योगदानकर्ता रही है। कंपनी ने हाल के वर्षों में स्वच्छ विद्यालय अभियान के तहत 50,000 से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया, आकांक्षी जिलों में जनजीवन की बेहतरी के लिए 850 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए और कोविड-19 के प्रसार को हेतु 700 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दिया।

Exit mobile version