कोरबा । कोरबा के विजयनगर बाईपास मार्ग पर गुरुवार शाम सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। कोयला लदा ट्रेलर कोयला साइडिंग से निकलते समय अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में साइकिल सवार उसकी चपेट में आ गया।
मामला दीपका थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान जवाली गांव के धंनसाय (40) के रूप में हुई। वह रोजी-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। सुबह वह साइकिल पर टिफिन लेकर निकला था और घर लौटते समय यह हादसा हुआ।
कोयला लदा होने के कारण ट्रेलर अनियंत्रित हुआ
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रेलर की रफ्तार अधिक थी। कोयला लदा होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। साइकिल सवार सड़क किनारे से जा रहा था।
हादसे के बाद घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थानीय लोगों ने दीपका थाना पुलिस को सूचना दी।

कोयला लदा ट्रेलर पलटा
ट्रेलर चालक को मामूली चोट
हादसे का शिकार हुआ ट्रेलर (वाहन नंबर CG 10 BB 6794) PRL (पांडे रोड लायंस) कंपनी का है और यह बिलासपुर की गाड़ी बताई जा रही है। हादसे में ट्रेलर चालक को मामूली चोट आई है।
दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। परिजनों का बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
