कोरबा । कोरबा एसईसीएल में क्लर्क बनने का योग्य कोयला कर्मियों के पास सुनहरा मौका है। कोल कंपनी ने क्लर्क के 536 खाली पदों को विभागीय भर्ती से भरने का निर्णय लिया है। इन 536 पदों में 395 सामान्य, 80 अनुसूचित जाति, 40 अनुसूचित जनजाति और 21 पद दिव्यांजनों के लिए आरक्षित है। एसईसीएल के मैनपावर बजट में क्लर्क के खाली पदों को भरने ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसकी अंतिम तिथि 10 जुलाई निर्धारित है। इसके बाद आवेदन नहीं कर सकेंगे। सामान्य लिपिक ग्रेड-3 के पद को भरने एसईसीएल ने कैडर स्कीम के तहत योग्यता और अनुभव रखने वाले कर्मियों को चयन प्रक्रिया में शामिल होने का मौका मिलेगा।
10 वीं या उसके समकक्ष परीक्षा पास करने वाले कोयला कर्मियों के लिए कोयला कंपनी में 3 साल की सेवा अनिवार्य किया है। पात्रता निर्धारण के लिए कट ऑफ तिथि 31 मई 2025 है। एसईसीएल के स्थायी व नियमित कर्मचारी ही आवेदन कर सकेंगे। 100 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। सभी वस्तुनिष्ठ प्रश्र होंगे, जिसमें 40 अंक विषय ज्ञान, मानसिक योग्यता, मात्रात्मक, तर्क और तर्क कौशल से होंगे। इतने ही अंक का प्रश्र सामान्य जागरूकता व ज्ञान सीआईएल, एसईसीएल के संबंध में और 20 अंक कंप्यूटर आधारित प्रश्र होंगे। लिखित परीक्षा में सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 40 फीसदी और अनुसूचित जाति व जनजाति के अभ्यर्थियों को 30 फीसदी अंक लाना अनिवार्य है, तभी वे परीक्षा में क्वालीफाई कर पाएंगे।
गैर कार्यकारी पदों पर चयन के लिए एसओपी जारी दो दिन पहले ही एसईसीएल ने गैर कार्यकारी पदों पर चयन के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) जारी किया है। 26 बिंदुओं में यह एसओपी है, जिसका पालन करते हुए कोल कंपनी के मैनपावर बजट में खाली पदों को विभागीय भर्ती से भरना है। यह एसओपी गैर-कार्यकारी कैडर में नियमित कर्मचारियों पर अनिवार्य रूप से लागू किया है।
