DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा के दीपका खदान से कोयला चोरी, 6 आरोपी गिरफ्तार:ओवरलोडिंग की आड़ में 215 टन कोयला जब्त, अन्य की तलाश जारी

कोरबा/दीपका । कोरबा पुलिस ने ओवरलोडिंग की आड़ में कोयला चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। दीपका थाना पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 215 टन कोयला, तीन ट्रेलर और एक पेलोडर मशीन जब्त की है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई 30 अप्रैल की रात की गई। दीपका थाना पुलिस गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दीपका खदान से चोरी का कोयला ओवरलोड कर तीन ट्रेलरों में भरकर बिलासपुर ले जाया जा रहा है।

पुलिस ने अवैध कोयला परिवहन पर कार्रवाई की है

ट्रेलरों में मिला अवैध कोयला

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने सिरकी मोड़, दीपका के पास घेराबंदी कर तीनों ट्रेलरों को रोक लिया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि ट्रेलर क्रमांक CG 10 BX 0792, CG 10 BX 8288 और CG 10 BY 8288 में कुल 57 टन कोयला अवैध रूप से लोड था। मौके से एक पेलोडर (SDL CG 07 CS 2199) भी जब्त किया गया।

लोडिंग कराने वाले समेत 6 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने कोयला लोडिंग कराने वाले, ट्रांसपोर्टर, खरीददार और चालकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार है:

  1. रौनक गुप्ता (27) निवासी दीपका बस्ती
  2. सरफराज खान उर्फ पम्मी (43) निवासी सुभाष नगर दीपका
  3. मुकेश चौधरी (28) निवासी झारखंड
  4. सुजीत सिंह (28) निवासी झाबर दीपका, बिहार मूल निवासी
  5. मुबारक खान (20) निवासी सीधी, मध्य प्रदेश
  6. अर्जुन बंसल (20) निवासी बैकुंठपुर, कोरिया

सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

केस दर्ज, भेजे गए जेल

इस मामले में दीपका थाने में अपराध क्रमांक 168/2026 के तहत धारा 303(2) और 3(5) बीएनएस में केस दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। जांच में जिसकी भी संलिप्तता सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

लगातार जारी रहेगी कार्रवाई

कोरबा पुलिस ने कहा है कि जिले में कोयला चोरी और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Exit mobile version