DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कोरबा जिला अस्पताल के डॉक्टर कक्ष में निकला कोबरा:ओपीडी में कंप्यूटर टेबल के नीचे बैठा था विषैला सांप, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़ा

कोरबा। कोरबा जिला अस्पताल के ओपीडी कक्ष में मंगलवार (21 जुलाई) को डॉक्टर के कंप्यूटर टेबल के नीचे एक विषैला कोबरा दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल के कर्मचारियों और मरीजों ने तुरंत दूरी बना ली। सूचना मिलने पर रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (RCRS) की टीम ने मौके पर पहुंचकर कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया।

घटना ओपीडी कक्ष की है। सफाई के दौरान एक कर्मचारी की नजर डॉक्टर के कंप्यूटर टेबल के नीचे बैठे कोबरा पर पड़ी। सांप दिखाई देते ही वहां मौजूद कर्मचारी, मरीज और तीमारदार घबरा गए। कर्मचारियों ने बिना घबराए तुरंत RCRS अध्यक्ष अविनाश यादव को सूचना दी।

15 मिनट में किया सुरक्षित रेस्क्यू

सूचना मिलते ही अविनाश यादव रेस्क्यू किट के साथ अस्पताल पहुंचे। भीड़भाड़ वाले अस्पताल में सावधानी बरतते हुए उन्होंने करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित पकड़कर विशेष बॉक्स में बंद कर लिया। इसके बाद सांप को अस्पताल परिसर से दूर जंगल में छोड़ दिया गया।

बरसात में बढ़ जाती हैं ऐसी घटनाएं

RCRS अध्यक्ष अविनाश यादव ने बताया कि बारिश के मौसम में सांप सुरक्षित और ठंडी जगह की तलाश में घरों, दुकानों, कार्यालयों और अस्पतालों में घुस जाते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप दिखने पर उसे पकड़ने या मारने की कोशिश न करें, बल्कि सुरक्षित दूरी बनाकर तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।

वन विभाग ने भी की अपील

कोरबा वन विभाग और RCRS ने लोगों से कहा है कि यदि घर, स्कूल, अस्पताल या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसे छेड़ें नहीं। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या रेस्क्यू टीम को दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसे जंगल में छोड़ा जा सके।

Exit mobile version