नई दिल्ली,एजेंसी। हिमालय में हो रही बर्फबारी और मैदानों की तरफ चलने वाली हवाओं से पूरा उत्तर भारत शीतलहर की चपेट में है। मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली में कोल्ड डे का अलर्ट है। इन राज्यों में पारा 10° से नीचे चला गया है।
राजस्थान के हिल स्टेशन माउंट आबू में पारा 0° पर पहुंच गया है। यहां कार की छतों पर पड़ी ओस की बूंदें जम गईं। सीकर के फतेहपुर में पारा माइनस 1° रिकॉर्ड किया गया।
मध्यप्रदेश के हिल स्टेशन पचमढ़ी में भी हर तरफ ओस जमी हुई नजर आ रही है। यहां रात का पारा 1.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
IMD ने हिमाचल और उत्तराखंड में पाला पड़ने का अलर्ट जारी किया है। यानी यहां जमीन, हवा से भी ठंडी हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में तापमान एक हफ्ते से माइनस में है। सोनमर्ग, गुलमर्ग में मंगलवार रात को भी भारी बर्फबारी हुई।
अब देखिए ठंड के मौसम की 2 तस्वीरें…
मध्यप्रदेश का हिल स्टेशन पचमढ़ी देश का 10वां सबसे सर्द शहर रहा। यहां पत्तों पर ओस जम गई।

उत्तराखंड के उत्तरकाशी में ताजा बर्फबारी हुई है। तस्वीर हर्षिल के बर्फ से ढंके इलाके की है।
आगे मौसम कैसा रहेगा
- दिल्ली में लगातार दूसरे दिन गिरा पारा : 10 दिसंबर को 8 डिग्री सेल्सियस की तुलना में गिरकर 4.9 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सफदरजंग में दर्ज किया गया 4.9 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान इस सीजन में सबसे कम है। अगले 2 दिन शीतलहर के चलते तापमान में और गिरावट आ सकती है।
- दक्षिण भारत के 4 राज्यों में बारिश का अलर्ट : बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर के चलते तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में एक बार फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो गया है। 12 दिसंबर तक केरल और कर्नाटक में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। 13 दिसंबर तक तमिलनाडु में बारिश की चेतावनी दी गई है।
- पूर्वी, मध्य और पश्चिम भारत में अगले 4 दिन कोहरा : उत्तर प्रदेश में 12 दिसंबर, हिमालय पश्चिम बंगाल और सिक्किम-बिहार में 13 दिसंबर तक, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में 14 दिसंबर की सुबह तक देर रात/सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
