जांजगीर। जांजगीर जिले के आउटर इलाकों में अब गुलाबी ठंड की दस्तक महसूस की जाने लगी है। बीते कुछ दिनों से सुबह और रात के समय ठंडी हवा चल रही है, जिससे वातावरण में हल्की सिहरन बढ़ गई है। हालांकि दिन का तापमान अभी भी लगभग स्थिर बना हुआ है, लेकिन रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में आमतौर पर मौसम में बदलाव आता है और यही इस वर्ष भी देखने को मिल रहा है। अधिकतम तापमान फिलहाल 31 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, लेकिन न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। धीरे-धीरे सर्दी की शुरुआत हो रही है। ग्रामीण व आउटर क्षेत्रों में सुबह-सुबह धुंध की हल्की परत भी नजर आने लगी है। अगले सप्ताह से न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है।
