DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों का कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

सुरक्षा, पारदर्शिता एवं एनटीए के दिशा-निर्देशों के कड़ाई से पालन के दिए निर्देश

कोरबा। नीट-यूजी पुनर्परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने परीक्षा केंद्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़ी तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधों एवं अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयपूर्व एवं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों में स्थापित सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था,  अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का अवलोकन किया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर परीक्षा की गोपनीयता  एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए।

कलेक्टर श्री दुदावत ने सम्बंधित  अधिकारियों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अभ्यर्थियों के लिए सुगम एवं व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही परीक्षा केंद्रों के भीतर व बाहर किसी भी संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या अनाधिकृत प्रवेश पर विशेष ध्यान रखने एवं आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक श्री तिवारी ने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था  की जानकारी लेते हुए सतत निगरानी एवं प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे,  तहसीलदार, सम्बंधित परीक्षा केंद्रों के केंद्राध्यक्ष सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का आयोजन 21 जून 2026 को रविवार को किया जाएगा। जिले में परीक्षा के लिए 4 केंद्र बनाए गए है। जिसमें शासकीय ई व्ही पीजी कॉलेज कोरबा, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 04, कोरबा, केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 02, एनटीपीसी कोरबा एवं ईएमआरएस छुरीकला शामिल है। परीक्षा में जिले के कुल 1765 परिक्षार्थी सम्मिलित होंगे।  

Exit mobile version