DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कलेक्टर जनदर्शन:विकलांग युवती की गुहार, नौकरी दे दो साहब!

कोरबा। आज सोमवार को कलेक्टर जनदर्शन में कई आवेदन आए। कलेक्टर जनदर्शन में एक दिव्यांग युवती भी कलेक्टर के पास पहुंची और नौकरी की गुहार लगाई। कोरबा जिले के ग्राम गोढ़ी की विकलांग युवती तेरस बाई यादव ने कलेक्टर कोरबा को एक आवेदन पत्र सौंपकर नौकरी की गुहार लगाई है।
तेरस बाई ने बताया कि वह जन्म से ही अपने बाएं पैर से 40 परसेंट विकलांग हैं और गरीब किसान परिवार से ताल्लुक रखती है। उन्होंने एमए अंग्रेजी तक पढ़ाई की है, लेकिन आर्थिक विपन्नता के कारण आगे की पढ़ाई करने में अक्षम है।


तेरस बाई ने कलेक्टर से अनुरोध किया है कि उन्हें शिक्षा विभाग या किसी अन्य विभाग में विकलांग कोटा में नौकरी देने की कृपा करें। उन्होंने कहा कि नौकरी मिलने से वह अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने में मदद कर पाएंगी।
तेरस बाई ने बताया कि वह अपने परिवार की पहली महिला है, जिसने विपरित परिस्थितियों के बावजूद उच्च शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार और समाज के लिए एक उदाहरण बनना चाहती है।
कलेक्टर कोरबा ने तेरस बाई के आवेदन पर संज्ञान लेते हुए आश्वासन दिया, कि उनके मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और जल्द ही नौकरी के अवसर प्रदान किए जाएंगे।

Exit mobile version