कांजीरंगा, एजेंसी। असम के काजीरंगा में शुक्रवार को एक तेज रफ्तार मिनी बस और कंटेनर ट्रक में आमने-सामने टक्कर हो गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में 23 लोगों की मौत हुई है। हालांकि, न्यूज एजेंसी PTI ने 12 मौतों की पुष्टि की है। मरने वालों में ज्यादातर स्टूडेंट्स हैं।
टक्कर के बाद मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। रेस्क्यू टीम बस को काटकर शवों को बाहर निकाला गया।
हादसे की तस्वीरें
मिनी बस तेज रफ्तार में थी और ट्रक से टकरा गई।

हादसे से मिनी बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया।
हादसे में ज्यादातर स्टूडेंट्स की मौत हुई है।
शवों और घायलों को एंबुलेंस नहीं होने पर पिकअप से अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस बोली- तेज रफ्तार में थी बस, ड्राइवर ने नियम का पालन नहीं किया
गोलाघाट के एसएसपी स्वप्ननील डेका ने पीटीआई को बताया कि मिनी बस बोकाखाट से नगांव जा रही थी। बस तेज रफ्तार में थी। शुरुआती जांच के मुताबिक, ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई।
हादसे के बाद घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जोरहाट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
बस में कितने लोग सवार थे, इसकी जानकारी अभी नहीं मिली है। बस को काटकर शवों को बाहर निकाला जा रहा है।
असम में 5 साल में सड़क हादसों में 15 हजार से ज्यादा मौतें
केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक, 2020 से 2024 के बीच राज्य में सड़क दुर्घटनाओं में 15,306 लोगों की मौत हुई। इनमें 2024 में सबसे ज्यादा 3,351 लोगों की जान गई। वहीं, 2023 में 3,296 और 2022 में 2,994 लोगों की मौत हुई थी।
