DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

PM मोदी के रोड-शो में पहुंचा कर्नल सोफिया का परिवार:बहन शायना बोलीं- PM ने महिलाओं को आगे बढ़ाया, वे आज गर्व महसूस कर रहीं

वडोदरा,एजेंसी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को गुजरात के वडोदरा पहुंचे हैं। PM मोदी ने एयरपोर्ट से एयरफोर्स गेट तक करीब एक किलोमीटर लंबा रोड शो किया। इस रोड शो को सिंदूर सम्मान यात्रा नाम दिया गया है। पीएम मोदी के स्वागत के लिए कर्नल सोफिया का परिवार भी पहुंचा था।

रोड शो की शुरुआत में ही प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट के बाहर बने मंच पर मौजूद कर्नल सोफिया के परिवार से मुलाकात की। कर्नल सोफिया कुरैशी ऑपरेशन सिंदूर के बारे में प्रेस ब्रीफिंग करने वाली टीम का हिस्सा थीं। उनके साथ विदेश मंत्रालय के सचिव विक्रम मिसरी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह भी टीम में शामिल थीं। कर्नल सोफिया कुरैशी की बहन, पिता और भाई से खास बातचीत।

बहन शायना बोलीं- PM ने महिलाओं को आगे बढ़ाया

कर्नल सोफिया की जुड़वां बहन शायना कुरैशी ने कहा, “उन्होंने हमसे नमस्कार किया, लेकिन यहां बहुत शोर था। उनसे बात नहीं हो सकी। मोदीजी बहुत ईमानदार पीएम हैं। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर किया। वह बहुत सक्सेजफुल रहा। ऑपरेशन मे कोई कैजुअल्टी नहीं हुई।

महिलाओं को उन्होंने ऐसे लेवल पर पहुंचा दिया है, जो पहले कभी नहीं हुआ। वे हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाते हैं। जो महिलाएं इतने सालों से दबी हुई थीं। आज वे अपने आप पर बहुत गर्व फील कर रही हैं।”

पिता बोले- पीएम मोदी ने जो किया, बहुत अच्छा किया

ताज मोहम्मद कुरैशी

कर्नल सोफिया के पिता ताज मोहम्मद कुरैशी ने कहा, “मोदीजी ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार आए हैं। उनसे मिलकर हमें बहुत खुशी हुई। पीएम मोदी ने जो किया, बहुत अच्छा किया। ये बहुत पहले हो जाना चाहिए था।”

भाई ने कहा- ऑपरेशन सिंदूर गर्व करने का पल है

मोहम्मद संजय कुरैशी

कर्नल सोफिया कुरैशी के भाई संजय कुरैशी ने कहा, “हमारी डिफेंस फोर्स और हमारी केंद्र सरकार का ऑपरेशन सिंदूर गर्व करने का पल है। देश के लिए जो किया है, उसकी तारीफ करना मुश्किल है।

रोड शो में प्रधानमंत्री मोदी से मिलना जिंदगी में एक अचीवमेंट जैसा लगा। यह मेरे लिए गर्व का पल था। हमने उनका फूलों से स्वागत किया। उन्होंने कुछ कहा या पूछा था, लेकिन शोर के चलते सुनाई नहीं दिया। मुझे ऐसा लगा, जैसे उन्होंने कहा था- केम छो।”

Exit mobile version