पीएम जनमन आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश
विकसित भारत-जी राम जी के तहत हर गांव में मिलेगा रोजगार
कोरबा। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रतीक जैन ने शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत आवासों को विशेष अभियान चलाकर हर हाल में पूर्ण कराएं। उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी कोरवा परिवारों के लिए स्वीकृत प्रधानमंत्री जनमन आवासों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

श्री जैन ने कहा कि मैदानी अमला हितग्राहियों से सतत संपर्क बनाए रखे, क्षेत्र का नियमित भ्रमण करे तथा आवास निर्माण में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण कराए। जनपद पंचायत स्तर पर हितग्राहीवार समीक्षा कर आवास पूर्णता के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
विकसित भारत-जी राम जी योजना की समीक्षा करते हुए सीईओ ने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत स्वीकृत बालिका शौचालय, डिफंक्ट बोरवेल, मुक्तिधाम, पंचायत भवन, खाद्यान्न भंडारण केंद्र, आंगनबाड़ी भवन, धरसा एवं अन्य मूलभूत संरचनाओं के निर्माण कार्य 01 दिसंबर से प्रारंभ कराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में रोजगार अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को कार्यों से जोड़ते हुए पर्याप्त रोजगार उपलब्ध कराया जाए। मिट्टीमूलक एवं श्रममूलक कार्यों के साथ जल संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि ग्रामीणों को रोजगार मिलने के साथ गांवों में स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण भी हो सके।
सीईओ ने विभिन्न विभागीय योजनाओं के अभिसरण से अधिकाधिक कार्य स्वीकृत एवं क्रियान्वित करने पर जोर दिया। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों में तेजी लाने तथा पंचायत स्तर पर अपूर्ण निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी प्रकरणों का गंभीरता, पारदर्शिता एवं प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। श्री जैन ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में नियमित मॉनिटरिंग, मैदानी निरीक्षण एवं समयबद्ध कार्यवाही अनिवार्य है। कार्यों में लापरवाही अथवा उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सहायक कलेक्टर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी तरुण किरण, उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सहित प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, विकसित भारत-जी राम जी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं स्वच्छ भारत मिशन के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
