कार्यों की स्वीकृति सिक्योर पोर्टल के माध्यम से जारी करने के दिए निर्देश
बालिका शौचालय निर्माण 15 जनवरी तक तथा सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज के कार्य 5 दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश
प्रधानमंत्री आवास के निर्माण में तेजी लाने मैदानी अमला नियमित रूप से करे फील्ड विजिट
श्रममूलक कार्यों को दें बढ़ावा, खनिज न्यास मद के लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करें
समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
कलेक्टर ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की
डीएमएफ का टोल-फ्री नंबर 1800-233-1750 जारी
कोरबा, 25 नवंबर 2026। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित विकसित भारत जी राम जी, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा खनिज न्यास मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, पुराने कार्यों को पूर्ण करने तथा नए कार्यों में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा वीबी जी राम जी के तहत सभी कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति अनिवार्य रूप से सिक्योर पोर्टल के माध्यम से ही जारी की जाए।

कलेक्टर श्री दुदावत ने विकसित भारत जी राम जी के अंतर्गत बालिका शौचालय, सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज, मुक्तिधाम, पंचायत भवन एवं खाद्यान्न भंडार केंद्र जैसे महत्वपूर्ण ग्रामीण अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी जनपद पंचायतों के सीईओ एवं कार्यक्रम अधिकारियों को आगामी 10 दिनों के भीतर कार्यों के प्राक्कलन तैयार कर जिला कार्यालय भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत कार्यों को सात दिवस के भीतर सिक्योर पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज कर प्रशासकीय स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण की जाए। सभी बालिका शौचालय निर्माण कार्य आगामी सात दिनों में प्रारंभ करते हुए 15 जनवरी तक पूर्ण किए जाएं। शासकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए पृथक शौचालय का निर्माण सुनिश्चित किया जाए। बालिका शौचालय निर्माण में शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों, एकरूपता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण होने के बाद ही संबंधित बिल प्रस्तुत किए जाएं।
उन्होंने करतला एवं कटघोरा सहित विभिन्न विकासखंडों में बालिका शौचालय के अप्रारंभ कार्यों को तत्काल शुरू कराने तथा लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सैंड फिल्टर बोरवेल रिचार्ज के सभी कार्य 5 दिसंबर तक पूर्ण करने को कहा। मुक्तिधाम निर्माण के अप्रारंभ कार्यों को आगामी 15 दिनों में प्रारंभ कराने तथा पंचायत भवन एवं खाद्यान्न भंडार केंद्रों के निर्माण कार्यों को भी शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। नवीन पंचायत भवनों के प्रस्तावों को सिक्योर पोर्टल पर दर्ज कराने तथा स्वीकृत कार्यों को समय पर प्रारंभ कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही कार्यों के समय पर मूल्यांकन के लिए आरईएस को निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने 01 दिसंबर से श्रममूलक कार्यों की संख्या बढ़ाने तथा अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकसित भारत जी राम जी के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ जल संरक्षण एवं स्थायी अधोसंरचना निर्माण के कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड में लंबित 314 कार्यों को एक सप्ताह के भीतर सिक्योर पोर्टल पर दर्ज कर स्वीकृति की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में 05 आदर्श खेल मैदान विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर आवास उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जनपद पंचायतों के सीईओ, एसडीओ एवं मैदानी अमला नियमित रूप से गांवों का भ्रमण करें तथा हितग्राहियों से संपर्क कर आवास निर्माण में आ रही समस्याओं का मौके पर निराकरण करें। उन्होंने विकासखंडवार प्रगति की समीक्षा करते हुए पोड़ी उपरोड़ा के 2,604 अपूर्ण आवासों को 30 दिसंबर तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री जनमन योजना के आवास दिसंबर माह तक पूर्ण करने तथा मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबित आवासों को भी प्राथमिकता से पूर्ण कराने को कहा। वर्ष 2026-27 के आवासों में जॉब कार्ड मैपिंग एवं सत्यापन की प्रक्रिया भी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। सोशल ऑडिट के अंतर्गत लंबित प्रकरणों में नियमानुसार वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने केराझरिया एवं कौनकोना सहित सभी एफएसटीपी निर्माण कार्यों को इसी माह प्रारंभिक रूप से पूर्ण कर ऑपरेशनल करने के निर्देश दिए। करतला विकासखंड के जामबहार में एफएसटीपी निर्माण कार्य दिसंबर माह तक पूर्ण कराते हुए उसका संचालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पंचायतों में निर्मित सामुदायिक शौचालयों में पर्याप्त पानी एवं बिजली की व्यवस्था करने तथा उन्हें नियमित रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए। सभी जनपद पंचायत सीईओ को सब इंजीनियर एवं तकनीकी सहायकों के माध्यम से सामुदायिक शौचालयों का शीघ्र मूल्यांकन कराने के निर्देश भी दिए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अटल आजीविका समृद्धि केंद्रों में स्वीकृत अधोसंरचना एवं मशीनों की उपलब्धता और स्थापना की समीक्षा की तथा कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने वीपीआरपी योजना के अंतर्गत एंटाइटलमेंट प्लान 15 दिसंबर तक पूर्ण कराने, समूह सदस्यों की आधार आधारित केवाईसी 15 दिसंबर तक तथा मोबाइल नंबर सत्यापन 30 दिसंबर तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने को कहा। महतारी सदन के हस्तांतरण की प्रक्रिया भी दिसंबर माह के अंत तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री दुदावत ने खनिज न्यास मद से स्वीकृत निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य पंचायत के माध्यम से ही कराए जाएं तथा गुणवत्ताहीन कार्यों में राशि जारी न की जाए। सभी कार्यों की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित की जाए और गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही समय-सीमा में कार्य पूर्ण नहीं करने वाले ठेकेदारों को नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए गए। खनिज न्यास मद से संबंधित किश्त अथवा जानकारी के लिए हितग्राही/संबंधित जन डीएमएफ के टोल-फ्री नंबर 1800-233-1750 पर संपर्क कर सकते हैं।
कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायत सीईओ एवं विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय से योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा नियमित समीक्षा एवं मैदानी निरीक्षण के माध्यम से कार्यों की प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन, ट्रेजरी ऑफिसर निशांत पांडेय, ई आरईएस, उपसंचालक मिथलेश किसान, सहायक परियोजना अधिकारी, सीईओ जनपद पंचायत, कार्यक्रम अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
