जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिला कांग्रेस कमेटी ने नीट पेपर लीक मामले और कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल पर ईडी की कार्रवाई के विरोध में जिला मुख्यालय के कचहरी चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई। पुतला दहन के दौरान आग की चपेट में आने से कुछ कार्यकर्ता झुलस गए।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कचहरी चौक पर केंद्र की मोदी सरकार और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद सरकार का पुतला दहन किया गया।

पुतला दहन के दौरान हुई झड़प
पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया, जिससे प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसी दौरान जलते पुतले की आग की चपेट में आने से कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता झुलस गए। उन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है। उनका कहना है कि नीट पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की कार्रवाई की जा रही है।
भारी पुलिस बल रहा तैनात
प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कचहरी चौक पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन समाप्त हुआ।
