DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

नितिन नबीन से मुलाकात को कांग्रेस ने बताया ‘चरण चुंबन’

छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं की दिल्ली बैठक पर सियासत, BJP बोली- कांग्रेस घबरा गई है

रायपुर,एजेंसी। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से छत्तीसगढ़ के भाजपा नेताओं की मुलाकात को लेकर सियासत हो रही है। कांग्रेस ने दिल्ली में हुए इस मुलाकात को शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि ‘चरण चुंबन’ करार देते हुए भाजपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है।

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा में वरिष्ठ नेताओं को लगातार हाशिए पर धकेला जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, सभी नेता लाइन लगाकर चरण चुंबन करने जा रहे हैं, ताकि उनका नंबर आगे बढ़ जाए। भाजपा में यह वरिष्ठ नेताओं के अपमान की नई श्रृंखला है।

वहीं, पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता देव लाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नहीं चाहती कि नबीन अध्यक्ष बने इसलिए ऐसे बयान दे रही।

कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला और भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने इस मुद्दे पर बयानबाजी की है।

कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला और भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने इस मुद्दे पर बयानबाजी की है।

आरएसएस नितिन नबीन के पक्ष में नहीं – कांग्रेस

सुशील आनंद शुक्ला ने आगे दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह नहीं चाहते कि पार्टी में कोई वरिष्ठ नेता मजबूत स्थिति में रहे। उन्होंने यह भी कहा कि आरएसएस नितिन नबीन को अध्यक्ष बनाने के पक्ष में नहीं है, इसी वजह से उनके समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है।

भाजपा का पलटवार: संगठन की सहमति से आगे बढ़ रहे नितिन नबीन

कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा कि अगर संगठन नहीं चाहता तो नितिन नबीन कार्यकारी अध्यक्ष कैसे बनते। भाजपा का दावा है कि संगठन में उन्हें लेकर व्यापक सहमति है और अधिकांश नेता उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर देखना चाहते हैं।

भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी में युवा नेतृत्व को आगे लाने से कांग्रेस घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस बात से खुशी होनी चाहिए कि भाजपा में अब एक युवा चेहरा राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व करने जा रहा है।

नितिन नबीन को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है।

20 जनवरी को मिलेगा भाजपा को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष

भाजपा को 20 जनवरी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने की संभावना है। पार्टी ने अध्यक्ष चुनाव को लेकर आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।

  • 19 जनवरी को नामांकन दाखिल किए जाएंगे
  • उसी दिन नामांकन वापसी की प्रक्रिया होगी
  • 20 जनवरी को नए अध्यक्ष के नाम का ऐलान संभव है

फिलहाल नितिन नबीन पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हैं और उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने की पूरी संभावना जताई जा रही है।

जेपी नड्डा का कार्यकाल पूरा, अब नई कमान की तैयारी

भाजपा ने वर्ष 2020 में जेपी नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया था। 2024 में उनका कार्यकाल समाप्त हो गया था, जिसके बाद वे विस्तार पर बने हुए थे। वर्तमान में नड्डा केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

दिल्ली स्थित मुख्यालय में होगी पूरी प्रक्रिया

बीजेपी के राष्ट्रीय रिटर्निंग ऑफिसर लक्ष्मण के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष चुनाव की पूरी प्रक्रिया दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में ही संपन्न होगी। जरूरत पड़ने पर 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

Exit mobile version