रायपुर, एजेंसी। कोल लेवी, कस्टम मिलिंग और बहुचर्चित शराब घोटाले के आरोपी तथा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल की आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) रिमांड 22 जुलाई तक बढ़ा दी गई है।
शुक्रवार को विशेष अदालत में पेशी के दौरान EOW ने पूछताछ के लिए पांच दिन की अतिरिक्त पुलिस रिमांड मांगी, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया। इसकी जानकारी बचाव पक्ष के अधिवक्ता फैसल रिजवी ने दी।
जांच एजेंसी का कहना है कि पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां और दस्तावेज सामने आए हैं। इनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
EOW का आरोप है कि कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े पैसों को ठिकाने लगाने में रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका की जांच की जा रही है। इसी वजह से एजेंसी ने आगे की पूछताछ के लिए अतिरिक्त समय मांगा था।
ईओडब्ल्यू कार्यालय पहुंचकर किया था सरेंडर
कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल करीब तीन साल तक फरार रहे। 8 जुलाई को उन्होंने EOW कार्यालय पहुंचकर सरेंडर किया था।
इसके बाद मेडिकल परीक्षण कर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से 9 जुलाई को 17 जुलाई तक की पुलिस रिमांड मंजूर की गई थी।
रिमांड अवधि पूरी होने पर शुक्रवार को उन्हें दोबारा अदालत में पेश किया गया और अब 22 जुलाई तक EOW की कस्टडी में भेज दिया गया है।
बेटे वैभव से भी पुलिस ने की पूछताछ
जांच के दौरान EOW पहले ही उनके बेटे वैभव अग्रवाल से भी पूछताछ कर चुकी है। एजेंसी वित्तीय लेनदेन, दस्तावेजों और अन्य आरोपियों से जुड़े तथ्यों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
शराब घोटाले केस में गिरफ्तार करने आवदेन दिया
इस बीच EOW ने बहुचर्चित शराब घोटाले में भी रामगोपाल अग्रवाल को औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने के लिए विशेष अदालत में आवेदन प्रस्तुत किया है।
माना जा रहा है कि मौजूदा पूछताछ पूरी होने के बाद एजेंसी शराब घोटाले में भी उनसे विस्तृत पूछताछ कर सकती है। मामले की जांच लगातार जारी है और आने वाले दिनों में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
