DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

दिल्ली में कांग्रेस की बैठक, आंदोलन तेज करने की रणनीति:कोरबा की अवंतिका तिवारी भी मौजूद,खड़गे, राहुल और प्रियंका ने युवा नेताओं से किया संवाद

कोरबा। दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की बैठक में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अवंतिका तिवारी भी शामिल हुईं। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल और यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इसमें युवा और छात्र संगठनों की भूमिका, पार्टी के आंदोलनों को गति देने और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

राहुल और प्रियंका गांधी ने युवा नेताओं से किया संवाद

अवंतिका तिवारी के मुताबिक, बैठक के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने युवा नेताओं से सीधे संवाद किया और उन्हें संगठन को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि पार्टी नेतृत्व ने युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया।

बैठक में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के आंदोलनों को आगे बढ़ाने, बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने तथा केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने पर भी चर्चा हुई।

संगठन विस्तार और आगामी आंदोलनों की रूपरेखा पर चर्चा

बैठक में छत्तीसगढ़ समेत विभिन्न राज्यों में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी आंदोलनों की योजना पर विचार-विमर्श किया गया। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की, जबकि यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने युवा संगठन के कामकाज की जानकारी दी।

बैठक में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने और युवाओं को संगठन से जोड़ने की जरूरत पर भी जोर दिया गया।

कोरबा के युवा नेतृत्व की राष्ट्रीय मंच पर भागीदारी

राष्ट्रीय स्तर की बैठक में अवंतिका तिवारी की मौजूदगी को कोरबा के कांग्रेस कार्यकर्ता जिले के युवा नेतृत्व की भागीदारी के रूप में देख रहे हैं। स्थानीय नेताओं का कहना है कि कोरबा की युवा नेता का राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक चर्चा में शामिल होना जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

बैठक में युवा संगठनों की सक्रियता बढ़ाने और आने वाले समय में आंदोलन व पदयात्राओं के जरिए जनहित के मुद्दों को उठाने पर भी चर्चा हुई।

Exit mobile version