जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के जैजैपुर विधानसभा से कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पड़ोसी से मारपीट और गोली मारने की धमकी देने पर केस दर्ज हुआ था। जांच में सही पाए जाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
मिली जानकारी के मुताबिक विधायक बालेश्वर ने भी पड़ोसी के खिलाफ काउंटर केस कराया था। हांलाकि जमानती होने के कारण विधायक को मुचलके पर रिहा कर दिया गया है। वहीं जांजगीर थाने में कांग्रेस विधायक ब्यास कश्यप समेत 13 लोगों के खिलाफ भी FIR दर्ज हुई है।
घटना का CCTV भी सामने आया था।
अब जानिए क्यों गिरफ्तार हुए बालेश्वर साहू ?
दरअसल, 11 जून को कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू और उनके पड़ोसी चंद्रशेखर राठौर के बीच AC की आउटडोर यूनिट हटाने को लेकर विवाद हुआ था। चंद्रशेखर राठौर ने बताया कि विधायक साहू ने उनके मकान की दीवार पर जबरन एसी का आउटर यूनिट लगवा दिया।
कई बार मना करने के बाद भी उन्होंने यूनिट नहीं हटाई। जब मजदूरों से एसी हटाने को कहा, तो विधायक वहां पहुंच गए। विधायक ने उन्हें गोली मारने की धमकी दी है, जिससे परिवार डरा हुआ है। परिवार से विवाद किया और गाली-गलौज की।
विधायक ने लगाया पड़ोसी पर बदसलूकी का आरोप
वहीं विवाद के बाद विधायक बालेश्वर साहू ने भी अपने पड़ोसी पर बदसलूकी का आरोप लगाया था। पड़ोसी चंद्रशेखर राठौर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस शिकायत पर भी FIR दर्ज कर ली थी। हालांकि, इस मामले में विधायक बालेश्वर साहू की ओर से कुछ बयान नहीं आया है।
वहीं पुलिस जांच में शिकायत सही पाई गई। चांपा पुलिस ने धारा 329(4), 296, 351(2), 115(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर विधायक को गिरफ्तार किया। विधानसभा अध्यक्ष को गिरफ्तारी की सूचना भेज दी गई है।
विधायक ब्यास कश्यप समेत 13 लोगों पर FIR
30 जून को जर्वे-पीथमपुर मार्ग की खराब हालत के विरोध में ग्रामीणों ने एनएच 49 पर जाम लगा दिया था। विधायक कश्यप भी धरने पर बैठे थे, इस दौरान स्कूली बच्चे भी शामिल थे। इन सभी के खिलाफ यातायात बाधित करने का मामला दर्ज किया गया है।

नेशनल हाईवे जाम कर धरने पर बैठे विधायक ब्यास कश्यप।
चक्काजाम होने के कारण आने-जाने वाले लोग हुए परेशान
30 जून को सुबह 11 बजे ग्राम जर्वे में चक्काजाम होने के कारण आने-जाने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिसे ध्यान में रखते हुए जांजगीर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ जांजगीर थाने में अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में आरोपियों के खिलाफ जल्द ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इनके खिलाफ FIR
- विधायक, व्यास कश्यप
- किसान नेता, संदीप तिवारी मेहदा
- जर्वे सरपंच, उत्तरा कश्यप
- उप सरपंच, योगेश कश्यप
- जिला पंचायत सदस्य, उमा राजेन्द्र राठौर
- पार्षद वार्ड नंबर 4, अरमान खान
- जनपद सदस्य, डिगेश्वर यादव
- BDC, टंकेश्वर यादव
- पंच जर्वे, संजय यादव
- गोपाल कश्यप, ग्रामीण
- किशोर सिंह, ग्रामीण
- प्रियांश तिवारी, ग्रामीण
- गिरधारी कश्यप, ग्रामीण
