DivyaAkash: Your Daily Source for Hindi News

कांग्रेस ने बिजली दरों में वृद्धि का विरोध किया:जांजगीर-चांपा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका, राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा में प्रदेश में बिजली दरों में वृद्धि, अघोषित बिजली कटौती और बढ़ती महंगाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा ने बुधवार को केरा रोड स्थित बिजली कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में जिले भर से कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रतीकात्मक रूप से चूड़ियां भी भेंट कीं।

प्रदर्शन के दौरान “महंगी बिजली नहीं चलेगी”, “जनविरोधी नीति नहीं चलेगी” और “डबल इंजन सरकार, जनता पर महंगाई की मार” जैसे नारे लगाए गए।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने महामहिम राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इसमें बिजली दरों में हाल ही में की गई बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेने और प्रदेशभर में जारी अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने की मांग की गई।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ कोयला और बिजली उत्पादन के मामले में एक समृद्ध राज्य है। इसके बावजूद जनता को महंगी बिजली खरीदने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने चरणबद्ध तरीके से बिजली दरों में वृद्धि कर आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से जनता पहले से ही परेशान है। ऐसे में बिजली दरों में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।

उनका कहना था कि बिजली आज आम नागरिकों की बुनियादी जरूरत बन चुकी है और इसकी कीमतों में वृद्धि गरीबों, किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों तथा मध्यम वर्ग के हितों पर सीधा असर डाल रही है।

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश के कई हिस्सों में अघोषित बिजली कटौती जारी है। इससे किसानों की सिंचाई, विद्यार्थियों की पढ़ाई और छोटे व्यापारियों के कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली दर वृद्धि वापस नहीं ली गई और बिजली कटौती बंद नहीं हुई तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करेगी।

Exit mobile version