विद्या भैय्या जिंदादिल इंसान थे-ज्योत्सना
कोरबा। विद्या भैय्या जिंदादिल इंसान थे। उनके सरल व्यक्तित्व के सामने सब नतमस्तक हो जाते थे। उनके यहां जाने वाला कोई भी व्यक्ति मायूस होकर नहीं लौटा। उक्त कथन आज जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय कोरबा में आयोजित पूर्व केन्द्रीय मंत्री शहीद पं. विद्याचरण शुक्ल की 12वीं पुण्यथिति पर यह विचार सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत ने व्यक्त किया। उन्होंने दिवंगत नेता के छायाचित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनसे जुड़ी यादों को साझा किया। पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि विद्या भैय्या मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्त्रोत थे। विद्या जी संगठन को लेकर काफी निष्ठावान रहा करते थे। यही कारण है कि प्रदेश की राजनीति में उन्हें विशेष सम्मान प्राप्त था। कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर हुए नक्सल हमले ने उन्हें हमसे छीन लिया।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष नत्थु लाल यादव ने कहा कि विद्या भैया का प्रदेश और देश के विकास में अहम योगदान रहा। उन्होंने बड़े प्रोजेक्ट को मूर्त रूप देने में विशेष रूचि ली। इसका लाभ क्षेत्र को लगातार प्राप्त हो रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि विद्या भैया के अवसान से जो कमी आई है, उसकी पूर्ति होना मुश्किल है। मौजूदा दौर में हमें संकल्प लेना होगा कि विद्या भैया के अधूरे सपने को पूरा करें। इस अवसर पर पूर्व सभापति श्याम सुंदर सोनी, पूर्व अध्यक्ष सपना चौहान, सांसद प्रतिनिधि सुरेश सहगल, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू, प्रदेश कांग्रेस सचिव बी एन सिंह, दिलीप कुमार सिंह ने भी संबोधित किया।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल को कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि
